दिवंगत पूर्व PA की मां पर बीजेपी ने जताया भरोसा, नंदीग्राम में हसिरानी रथ को बनाया उम्मीदवार

0
10
Hasirani Rath
Screen Grab X @ians_india

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. पार्टी ने दिवंगत चंद्रनाथ रथ की मां हसिरानी रथ को चुनाव मैदान में उतारा है. चंद्रनाथ रथ सुवेंदु अधिकारी के करीबी और उनके पूर्व पर्सनल असिस्टेंट (PA) बताए जाते थे.

हसिरानी रथ का राजनीतिक अनुभव

हसिरानी रथ स्थानीय राजनीति में सक्रिय हैं. वह पंचायत और पंचायत समिति सदस्य के रूप में पांच बार चुनाव जीत चुकी हैं. बीजेपी को उम्मीद है कि क्षेत्र में उनकी पकड़ पार्टी के लिए फायदेमंद होगी. वह सुवेंदु अधिकारी की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करेंगी.

बेटे की हत्या के बाद सुर्खियों में परिवार

चंद्रनाथ रथ की 6 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. बताया गया कि वह मध्यमग्राम स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट वाली एक कार ने उनकी SUV का रास्ता रोक दिया और मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दी. अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

यह हत्या पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के कुछ समय बाद हुई थी. बीजेपी ने इसे राजनीतिक बदले के तहत की गई टारगेटेड किलिंग बताया था. मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई. जांच में कथित शूटरों के साथ कुछ स्थानीय लोगों की भूमिका भी सामने आने की बात कही गई, जिन पर रेकी और हमले के लिए मदद उपलब्ध कराने के आरोप लगे.

नंदीग्राम में हाई-वोल्टेज मुकाबला

नंदीग्राम को सुवेंदु अधिकारी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है. मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद सीट खाली होने के कारण यहां 6 अक्टूबर 2026 को उपचुनाव होगा. टीएमसी ने नौकरी गंवाने वाली शिक्षिका संचिता प्रधान डे को उम्मीदवार बनाया है. वाममोर्चा ने शांतिगोपाल गिरि को टिकट दिया है, जबकि ऋतव्रत समर्थित मोर्चे ने मोहम्मद एहतेशामुल हक को मैदान में उतारा है.

हसिरानी रथ को टिकट देकर बीजेपी ने संगठनात्मक ताकत के साथ भावनात्मक मुद्दे को भी चुनावी रणनीति से जोड़ने की कोशिश की है. नंदीग्राम में मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here