नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ पर एक तलाकशुदा महिला ने शादी का वादा करके यौन शोषण करने का आरोप लगाया है. महिला का दावा है कि करीब छह साल तक शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए गए और बाद में शादी से इनकार कर दिया गया. मामले में लखनऊ के आशियाना थाने में कैफ और उनके भाई हसीब के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
2020 में हुई थी महिला और कैफ की मुलाकात
पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात वर्ष 2020 में एनसीआर में कैफ से हुई थी. उस समय वह अपने बेटे के साथ रह रही थी और अपने पति से तलाक ले चुकी थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और कैफ ने कथित तौर पर उससे शादी करने की बात कही. महिला का कहना है कि उसकी पारिवारिक स्थिति के बारे में जानकारी होने के बावजूद कैफ ने शादी का भरोसा दिया.
होटल में बुलाकर शोषण का आरोप
शिकायत के अनुसार, 9 सितंबर 2023 को महिला कैफ के बुलाने पर कोलकाता गई थी. वहां एक होटल में रुकने के दौरान कैफ ने कथित तौर पर शादी का वादा कर उसका यौन शोषण किया. महिला का आरोप है कि इसके बाद भी वह अलग-अलग जगहों और होटलों में उसके साथ संबंध बनाता रहा और शादी की बात को टालता रहा. उसने दिसंबर 2025 में आईपीएल ऑक्शन के बाद शादी करने की बात कही थी, लेकिन बाद में कथित तौर पर इससे मुकर गया.
परिवार पर धमकी देने का भी आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि शादी के लिए दबाव बनाने पर उसे कैफ के भाई हसीब और परिवार के अन्य लोगों से मिलवाया गया. उसके मुताबिक, वहां उसे धमकाया गया और शादी से इनकार कर दिया गया. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कैफ के दबाव के कारण उसे वर्ष 2026 में एयरलाइंस की अपनी नौकरी छोड़नी पड़ी.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
महिला का कहना है कि उसने पहले आशियाना थाने में शिकायत दी थी, लेकिन घटनास्थल दूसरे शहरों और राज्यों में होने की बात कहकर केस दर्ज नहीं किया गया. इसके बाद उसने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की. अधिकारियों के निर्देश पर अब मुकदमा दर्ज किया गया है. आशियाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.












