नई दिल्ली: असम के गुवाहाटी में 25 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में उसके पति रामानुज गोस्वामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने रविवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है।
कब सामने आया मामला
मामला 6 सितंबर को सामने आया, जब गुवाहाटी स्थित एक अपार्टमेंट से पड़ोसियों को तेज दुर्गंध आने लगी। बताया गया कि आसपास रहने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि दंपती पिछले दो दिनों से दिखाई नहीं दे रहे थे और उनके मोबाइल फोन भी बंद थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा खुलवाया।
अंदर पुलिस को महिला का शव मिला। पुलिस के मुताबिक, शव काफी खराब हालत में था और महिला के शरीर पर चोटों के निशान भी मिले। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि शव का सिर धड़ से अलग था। वहीं बाद में मृतका की पहचान रिया तालुकदार के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर रिया का सिर फ्लैट के फ्रिज में एक पॉलीथिन बैग के भीतर मिला। इसके बाद पुलिस ने उसके पति रामानुज की तलाश शुरू कर दी, क्योंकि वह घटना के बाद से घर से गायब था। रविवार देर रात उसने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
कोर्ट के बाहर किया कथित कबूलनामा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोर्ट में पेशी के दौरान रामानुज ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की। उसने यह भी कहा कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। इतना ही नहीं, आरोपी ने जेल से बाहर आने के बाद एक अन्य व्यक्ति की हत्या करने की धमकी देने की बात भी कही।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर दावा किया कि हत्या के बाद उसका इरादा पत्नी के शव को कुत्ते को खिलाने का था। हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस हत्या की वजह, घटनाक्रम और आरोपी के दावों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।












