एक शानदार जवाब और सिर पर सजा ताज, जानिए कौन हैं Miss World 2026 जोहेरी मोल

0
8
Joheirry Mola
instagra joheirry_mola

नई दिल्ली: सौंदर्य और बुद्धिमत्ता के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर वर्ष 2026 की विजेता का ताज सज चुका है। वियतनाम में आयोजित 73वें मिस वर्ल्ड के भव्य फिनाले में डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल डोमिंग्वेज ने अपनी सुंदरता, आत्मविश्वास और दूरदर्शी सोच के बल पर मिस वर्ल्ड 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि मलेशिया की तानुसिया चेट्टी ने सेकेंड रनर-अप का स्थान हासिल किया। गत वर्ष थाईलैंड के लिए पहली बार यह खिताब जीतने वाली पूर्व विजेता ओपल सुचाता चुआंगश्री ने जोहेरी को विजेता का ताज पहनाया। 

भारतीय दावेदार निकिता का सफर

मिस वर्ल्ड 2026 के इस महाकुंभ में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं निकिता पोरवाल ने शुरुआत में अपने प्रदर्शन से काफी उम्मीदें जगाई थीं। 
उन्होंने टॉप मॉडल चैलेंज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सीधे टॉप 40 में अपनी जगह पक्की कर ली थी। कड़े मुकाबले के चलते वे टॉप 20 की दौड़ से बाहर हो गईं।

निर्णायक जवाब ने दिलाई ऐतिहासिक जीत

फिनाले के अंतिम दौर में पूछे गए सवाल और उसके सटीक उत्तर ने जोहेरी की जीत तय करने में अहम भूमिका निभाई। ‘ब्यूटी विद अ पर्पस’ सेगमेंट के तहत जब उनसे उनके देश में चल रहे सामाजिक कार्यों और मिस वर्ल्ड बनने के बाद के दृष्टिकोण पर प्रश्न किया गया, तो उन्होंने अपनी सामाजिक पहल का उल्लेख किया। जोहेरी ने बताया कि वे वंचित समुदायों के बच्चों तक अंग्रेजी भाषा की शिक्षा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही हैं। उनका मानना है कि अंग्रेजी केवल एक भाषा या विषय नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम है, जो बच्चों के भविष्य के लिए नए अवसरों के द्वार खोलता है। उनकी इस संवेदनशीलता और दूरगामी सोच ने जजों का दिल जीत लिया।

बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं नई मिस वर्ल्ड

नई मिस वर्ल्ड जोहेरी मोल डोमिंग्वेज केवल सौंदर्य प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे एक सफल सामाजिक कार्यकर्ता और पेशेवर भी हैं। उन्होंने यूनिवर्सिडाड इबेरोअमेरिकाना से बिजनेस मैनेजमेंट और एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। वे ‘वॉयस ऑफ टुमॉरो’ संस्था की संस्थापक और अध्यक्ष हैं, जिसके माध्यम से वे जरूरतमंद युवाओं को निःशुल्क अंग्रेजी साहित्य और सामाजिक अध्ययन पढ़ाती हैं। इसके अतिरिक्त, वे एक पेशेवर मॉडल होने के साथ-साथ टीवी रिपोर्टर के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here