पाकिस्तान का F-16 मार गिराने वाले अभिनंदन ने छोड़ी एयर फोर्स, अब इस प्राइवेट एयरलाइन में उड़ाएंगे विमान

0
10
Abhinandan Varthaman
pinterest

नई दिल्ली: 2019 में पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराकर देशभर में चर्चा में आए पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान अब एक नए सफर की शुरुआत कर चुके हैं. भारतीय वायुसेना से अलग होने के बाद उन्होंने गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 का दामन थाम लिया है. जानकारी के मुताबिक, अब वह इस निजी एयरलाइन में कमर्शियल पायलट के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे. हालांकि, वायुसेना छोड़ने की वजह अभी सामने नहीं आई है और इस बारे में कोई आधिकारिक बयान भी जारी नहीं हुआ है.

सूत्रों के मुताबिक, वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन वर्धमान अगस्त में गोवा स्थित FLY91 के साथ बतौर पायलट जुड़े थे. उनकी नई भूमिका से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एयरलाइन के प्रवक्ता ने अभिनंदन की नियुक्ति या भूमिका पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. प्रवक्ता ने कहा कि किसी कर्मचारी की निजी जानकारी व्यक्तिगत मामला है. भारतीय वायुसेना की ओर से भी अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है. 

गोवा की FLY91 ने मार्च 2024 में अपनी उड़ान सेवाएं शुरू की थीं. एयरलाइन के पास फिलहाल छह ATR 72-600 विमान हैं. इसके संचालन के दो प्रमुख केंद्र गोवा और हैदराबाद में हैं.

पाकिस्तान के F-16 को मार गिराया

अभिनंदन वर्धमान को साल 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुई हवाई झड़प के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी. फरवरी 2019 में बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था. इसी दौरान भारतीय और पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों के बीच हवाई मुकाबला हुआ.

इस मुठभेड़ में अभिनंदन ने पाकिस्तान के एक F-16 विमान को मार गिराया था. हालांकि, इसी कार्रवाई के दौरान उनका विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उन्हें पाकिस्तान में पकड़ लिया गया. करीब तीन दिन हिरासत में रहने के बाद उन्हें भारत वापस भेज दिया गया था.

अभिनंदन को मिला था वीर चक्र

हवाई मुकाबले में उनके साहस और ड्यूटी के प्रति समर्पण को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया. यह युद्धकाल में दिया जाने वाला भारत का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है. पुरस्कार के प्रशस्ति पत्र में हवाई मुठभेड़ के दौरान उनके असाधारण साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण का उल्लेख किया गया था. अब वायुसेना के बाद कमर्शियल एविएशन में उनका नया अध्याय शुरू हुआ है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here