वृंदावन: धर्मनगरी के विशालतम रंगनाथ मंदिर में शनिवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान रंगनाथ ने गिरिराज धरण स्वरूप में भक्तों को दर्शन दिए। भगवान गोदा रंगमन्नार को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। अन्नकूट महोत्सव के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर भगवान रंगनाथ के जयकारों से गूंज उठा।
विधि-विधान के साथ आयोजन, भक्तों की भीड़
दक्षिण भारतीय स्थापत्य शैली के प्रसिद्ध श्री रंगनाथ मंदिर में कार्तिक शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर अन्नकूट महोत्सव मनाने की परंपरा है। इसी परंपरा के तहत मंदिर प्रबंधन की ओर से शनिवार को विधि-विधान के साथ आयोजन किया गया। सुबह से ही सेवायत और पुजारी महोत्सव की तैयारियों में जुटे रहे। दोपहर करीब 12 बजे धूरगोले की आवाज के साथ दर्शन खुलते ही श्रद्धालुओं में ठाकुरजी के दर्शन की होड़ लग गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान की आराधना और आरती की गई। इसके बाद गिरिराज धरण स्वरूप में विराजमान भगवान की कुंभ आरती उतारकर अन्नकूट का भोग निवेदित किया गया।
व्यंजनों की सजावट व धार्मिक महत्व
अन्नकूट महोत्सव के लिए विभिन्न प्रकार के व्यंजनों को स्वर्ण और रजत निर्मित थालों में आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर परिसर में स्वर्ण स्तंभ के समीप गाय के गोबर से गिरिराज महाराज का स्वरूप भी तैयार किया गया। मंदिर के पुरोहित विजय मिश्र ने बताया कि ब्रज में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव का विशेष धार्मिक महत्व है। भगवान गोदा रंगमन्नार को राधा-कृष्ण का ही स्वरूप माना जाता है। यही वजह है कि दक्षिण भारतीय परंपरा के इस मंदिर में अन्नकूट उत्सव विशेष धूमधाम से मनाया जाता है।
प्रसाद वितरण, भक्तों में उल्लास
उन्होंने बताया कि अन्नकूट में अर्पित किए जाने वाले व्यंजनों को तैयार करने में मंदिर के पुजारी और रसोइये पिछले तीन दिनों से जुटे हुए थे। भगवान को भोग लगाने के बाद सभी प्रसाद को एक साथ मिश्रित किया गया और श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। अन्नकूट प्रसाद पाकर भक्तों ने स्वयं को धन्य माना।












