ट्रंप-पुतिन समझौते का असर? 40 हजार टन डीजल लेकर अमेरिका पहुंचा पहला रूसी जहाज

0
7

नई दिल्ली: अमेरिका ने तीन साल बाद एक बार फिर रूस से डीज़ल आयात करने का फैसला किया है। शिप-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, 40,000 मीट्रिक टन रूसी डीज़ल लेकर एक टैंकर न्यूयॉर्क की ओर बढ़ रहा है। यह डील इसी महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मॉस्को के बीच हुए समझौते के तहत हुई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने 3 नवंबर को होने वाले मिड-टर्म चुनाव से पहले देश में बढ़ती डीज़ल की कीमतों को काबू में करने के लिए यह सरप्राइज फैसला लिया है। इस डील के लिए उन्होंने रूस पर लगे नए अमेरिकी प्रतिबंध कानून के कुछ हिस्सों को भी हटा दिया है।

इतना ही नहीं, ट्रंप ने यूरोप को भी चेतावनी दी है कि अगर यूरोपीय देश कीमतें घटाने के लिए अपने इमरजेंसी रिजर्व से ज्यादा डीज़ल नहीं निकालते हैं, तो अमेरिका डीज़ल के एक्सपोर्ट पर रोक लगा देगा।

7 नवंबर को अमेरिका पहुंचेगा पहला टैंकर

LSEG के शिपिंग डेटा के अनुसार, माल्टा के झंडे वाला टैंकर ‘अगियोई फैनेंडेस’ 22 अक्टूबर को रूस के बाल्टिक पोर्ट प्रिमोर्स्क से 40,000 मीट्रिक टन अल्ट्रा-लो सल्फर डीज़ल लेकर निकला है। इसके 7 नवंबर तक अमेरिका पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल इस खेप के खरीदार और बेचने वाले की जानकारी सामने नहीं आई है। यह 2022 के बाद अमेरिका में आने वाला पहला रूसी तेल कार्गो होगा। बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 2022 में रूसी तेल और पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स के आयात पर बैन लगा दिया था।

रूस ने एक्सपोर्ट पर लगा बैन हटाया

रूस के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर अलेक्जेंडर नोवाक ने कहा है कि जैसे ही रूसी और अमेरिकी कंपनियां डिलीवरी के लिए कॉन्ट्रैक्ट फाइनल करेंगी, और भी शिपमेंट भेजे जाएंगे। रूस के राष्ट्रपति पुतिन के दूत और सॉवरेन वेल्थ फंड के हेड किरिल दिमित्रिव ने पिछले हफ्ते बताया था कि अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने इस डील से जुड़े पेमेंट के पेचीदा मामलों को सुलझाने में मदद मांगी थी। इस समझौते के तहत रूस ने डीज़ल एक्सपोर्ट पर खुद लगाया हुआ प्रतिबंध भी हटाने पर सहमति जताई है।

चरणबद्ध तरीके से बढ़ेगा एक्सपोर्ट

ट्रंप ने 9 अक्टूबर को ऐलान किया था कि रूस तुरंत अमेरिका और ग्लोबल मार्केट में 300,000 मीट्रिक टन यानी 2.25 मिलियन बैरल डीज़ल एक्सपोर्ट करेगा। इसके बाद नवंबर में 500,000 टन और उसके तुरंत बाद 10 लाख टन डीज़ल भेजा जाएगा। नोवाक ने कहा कि रूस साल के अंत तक अपने डीज़ल एक्सपोर्ट को बढ़ाकर 3 से 3.5 मिलियन टन प्रति महीने के सामान्य स्तर तक ले आएगा। LSEG डेटा के मुताबिक, पिछले हफ्ते प्रिमोर्स्क पोर्ट से कई और टैंकर लोड किए गए हैं, जो जिब्राल्टर और अटलांटिक तट की ओर जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here