यूपी-बिहार समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 65 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

0
16
Weather Update
pinterest

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. कहीं तेज बारिश से हालात बिगड़े हुए हैं तो कहीं उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. इसी बीच मौसम विभाग ने 3 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 17 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. राज्य के 15 जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है. प्रशासन के मुताबिक, प्रदेश के कई हिस्से अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं. कुल 35 जिले बाढ़ की चपेट में आए हैं, जिनमें 23 जिलों में स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है. अब तक 16,784 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है.

कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन की आशंका जताई है. पूर्वी राज्यों में आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को सावधान किया गया है. वहीं पांच से ज्यादा राज्यों में ओले गिरने की संभावना है. उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, तेलंगाना, मेघालय, असम, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ घंटों के दौरान तेज बारिश होने का अनुमान है.

इन 17 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, असम और केरल में मौसम खराब रहने का अनुमान है.

आज दिल्ली का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मानसून की वापसी के बावजूद बारिश का दौर पूरी तरह थमा नहीं है. मौसम विभाग ने 3 सितंबर को भारी बारिश के साथ आंधी की चेतावनी दी है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. गुरुवार को राजधानी में आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने का अनुमान है. अगले तीन दिनों के दौरान भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है.

आज उत्तर प्रदेश का मौसम

जन्माष्टमी से पहले उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है. मौसम विभाग ने 3 और 4 सितंबर को कई हिस्सों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. औरैया, बांदा, चित्रकूट, इटावा, फतेहपुर, हमीरपुर, जालौन, झांसी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, महोबा, सीतापुर और उन्नाव में अगले दो से तीन घंटे के दौरान बारिश हो सकती है. 4 सितंबर तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 सितंबर तक बारिश का अनुमान है.

जन्माष्टमी से पहले बिहार का मौसम

बिहार में भी 3 और 4 सितंबर को कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 6 सितंबर तक आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

आज उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी भारी बारिश की आशंका के चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here