नई दिल्ली: नवरात्रि के दौरान जब देशभर में माता रानी की भक्ति और उत्सव का माहौल है, उसी बीच कई दर्दनाक हादसों ने खुशियों को मातम में बदल दिया। कोलकाता, ग्वालियर, बलरामपुर और तेलंगाना से आई घटनाओं में कुल 38 लोगों की जान चली गई। कहीं दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मची, तो कहीं बेकाबू वाहनों ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया। तेलंगाना में डांडिया कार्यक्रम के दौरान लाइटिंग का ढांचा गिरने से एक छात्रा की मौत हो गई। इन घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए हैं।
कोलकाता में भगदड़, 19 लोगों की मौत
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम करीब 7:40 बजे भारी बारिश के बीच अफरा-तफरी मच गई। पंडाल परिसर में भीड़ बढ़ने और एक हिस्से के ढहने के बाद भगदड़ की स्थिति बन गई। इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा और एक सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। घायलों के मुफ्त इलाज और 5 लाख रुपये मुआवजे का भी ऐलान किया गया।
MP से ग्वालियर और UP से बलरामपुर में श्रद्धालुओं को कुचला
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चीनोर रोड पर शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को एक बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। धान से लदा ट्रक पुलिस बैरिकेड तोड़ते हुए मंदिर के बाहरी गेट और दीवार से जा टकराया। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हुए हैं, जबकि ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए।
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर पर्दे पर वीडियो देख रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेलंगाना में डांडिया कार्यक्रम के दौरान हादसा
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के नादरगुल स्थित एमवीएसआर इंजीनियरिंग कॉलेज में डांडिया कार्यक्रम के दौरान लाइटिंग का ढांचा गिर गया। हादसे में प्रथम वर्ष की छात्रा सोना नारायण दास की मौत हो गई, जबकि उनकी बहन मीना गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस घटना में कुल 12 छात्र घायल हुए। लगातार सामने आए इन हादसों ने नवरात्रि के उत्सव के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।












