लखनऊ: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा ने गरीबों को कभी अपने एजेंडे में जगह नहीं दी और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सपा को हमेशा के लिए साफ कर देगी। सीएम योगी लखनऊ में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे जहां उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर तंज कसा।
बबुआ पर सीएम योगी का तंज, परिवारवाद को लेकर घेरा
योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को बबुआ कहकर संबोधित किया और कहा आज आपने सपा मुखिया का बयान पढ़ा होगा। बबुआ ने कहा है कि जब हमारे परिवार के सभी लोग सांसद हैं इसीलिए तो सपा बनी हुई है।
हमने कहा सपा इसलिए सपा है क्योंकि जनता उसे अगले चुनाव में हमेशा के लिए साफ कर देगी। सीएम ने आरोप लगाया कि सपा नेताओं ने अपने परिवार के हितों के लिए गरीबों का शोषण किया, प्रदेश को लूटा और यूपी को गुंडा प्रदेश बना दिया था।
उन्होंने कहा पहले गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे, बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी और आए दिन दंगे होते थे। अब बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों का यमराज के घर जाने का रास्ता तय हो गया है। उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त है इसलिए विकास हो रहा है।
12 बजे सोकर उठने वाले बबुआ के पास प्रदेश के लिए समय कहां
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा जब कोई बबुआ की तरह दोपहर 12 बजे सोकर उठे, दो बजे तक तैयार हो, शाम पांच बजे व्यायामशाला जाए और सात बजे लौटकर महफिल जमाए तो प्रदेश के लिए समय कहां से मिलेगा।
पहले यही होता था, प्रदेश के लिए समय नहीं था लेकिन अब सरकार के पास प्रदेश के लिए पर्याप्त समय है। उसके पास जनता की समस्याओं के समाधान का रास्ता भी है और प्रदेश को आगे बढ़ाने में योगदान देने वालों को आगे बढ़ाने का कार्यक्रम भी चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा 2017 से पहले बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालय वीरान और उजाड़ नजर आते थे, लेकिन अब ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 19 मानक तय कर स्कूलों को सुविधाओं से युक्त किया गया है।
सीएम योगी ने रसोइयों को दिया तोहफा, मानदेय और सुविधाएं बढ़ाईं
सीएम योगी ने लखनऊ में मध्याह्न भोजन योजना के रसोइयों के सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरण कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा उनकी सरकार सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में भोजन बनाने वाले रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी दे रही है।
मुख्यमंत्री ने रसोइयों के मानदेय में वृद्धि, दुर्घटना की स्थिति में दो लाख रुपये की सहायता, पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा और साड़ी के लिए मिलने वाली राशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करने की घोषणा की। इस फैसले से प्रदेश के लाखों रसोइयों को सीधा लाभ मिलेगा।












