नई दिल्ली: छठ महापर्व की खुशियों के बीच संपतचत के गोपालपुर थाना क्षेत्र के चक बैरिया गांव में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। सोमवार सुबह जब पूरा परिवार उगते सूर्य को अर्घ्य देने घाट पर गया था, तब चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 2 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 50 रुपये नकद चुरा लिए।
घाट पर था पूरा परिवार, घर में घुसे चोर
जानकारी के मुताबिक, गांव में स्वर्गीय शिवनाथ सिंह के बेटे अरुण सिंह और धर्मेंद्र सिंह का दो मंजिला मकान है। अरुण निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि धर्मेंद्र गया के केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। परिवार के बाकी सदस्य भी शिक्षक और इंजीनियर हैं। सोमवार सुबह दोनों भाइयों के परिवार के लोग पहली और दूसरी मंजिल के चारों कमरों में ताला लगाकर बैरिया सूर्य मंदिर घाट पर चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने मौका देखकर मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया ओर घर के अंदर घुस गए।
चोरों ने एक-एक कर सभी कमरों की अलमारियों, दीवान, पंलग, पेटियों और बक्सों के ताले तोड़े ओर तलाशी ली। उन्होंने सिर्फ सोने के गहने और नकदी पर हाथ साफ किया। सोने के गहनों के खाली डिब्बे कमरों में ही छोड़ दिए, जबकि चांदी के जेवरात और बर्तनों को छुआ तक नहीं।
घर लौटे तो मची चीख-पुकार
अर्घ्य देकर जब परिवार के लोग घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर घुसते ही सभी कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। महिलाओं के गहने गायब देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। चोरी गए गहनों में दोनों भाइयों की पत्नियों, बहुओं और मां के जेवर शामिल हैं। अरुण सिंह ने बताया कि उनकी मां रेणु सिंह और पत्नी कुमारी पूनम देवी ने छठ का व्रत किया था। पर्व की खुशी के बीच हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
जानकार पर पुलिस को शक, CCTV खंगाला जा रहा
परिवार ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग भी जमा हो गए। लोगों ने पुलिस के देर से पहुंचने पर नाराजगी भी जताई। पुलिस के मुताबिक, वारदात सुबह करीब 5 बजे हुई। मकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। हालांकि पास के एक मकान में लगे कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।
गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाकर जांच कराई गई। परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस आशीर्वाद कॉलोनी इलाके में गश्त पर थी, उसी दौरान चक बैरिया में चोरी हुई। चोरों ने सिर्फ सोना और नकदी ही चुराई, चांदी को हाथ नहीं लगाया। इससे पुलिस को शक है कि वारदात में घर और सामान की जानकारी रखने वाले किसी जानकार का हाथ हो सकता है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।










