सुबह 4 बजे घर पहुंचेगी सरगी की थाली? महिला ने Zomato से की ऐसी डिमांड, वायरल हुआ वीडियो

0
12

नई दिल्ली: करवा चौथ पर व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए सुबह जल्दी उठकर सरगी तैयार करना किसी चुनौती से कम नहीं होता। तड़के 3-4 बजे उठकर खाना बनाना और फिर पूरे दिन बिना पानी के व्रत रखना कई महिलाओं की दिनचर्या का हिस्सा है। लेकिन अगर सरगी बनाने की जगह यह सीधे घर पहुंच जाए, तो कैसा रहेगा? रिलेशनशिप मेंटर आर्ची सहगल ने इसी विचार के साथ फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो से एक खास मांग की है। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

आर्ची सहगल ने वीडियो साझा करते हुए जोमैटो से करवा चौथ के दिन सुबह चार बजे सरगी डिलीवरी सर्विस शुरू करने की अपील की। उनका कहना है कि जब महिलाओं को पूरे दिन निर्जला व्रत रखना होता है, तो सुबह की नींद छोड़कर रसोई में खाना बनाने की जिम्मेदारी भी क्यों उठानी पड़े? उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखना है, अपनी उम्र थोड़ी न कम करनी है।” आर्ची की मांग है कि महिलाओं को सुबह-सुबह घर पर गरमा-गरम आलू के पराठे, सफेद मक्खन, फेनियां और कड़क अदरक वाली चाय मिल जाए। उन्होंने यह भी चुटकी ली कि अगर सरगी देर से पहुंची, तो पाप लगेगा।

सास से दूर रहने वाली महिलाओं को मिल सकती है राहत

आर्ची के इस सुझाव को सोशल मीडिया पर कई महिलाओं का समर्थन मिल रहा है। यूजर्स ने जोमैटो और कंपनी के फाउंडर दीपिंदर गोयल को टैग कर इस तरह की सुविधा शुरू करने की मांग की है। खास तौर पर उन महिलाओं के लिए यह आइडिया उपयोगी माना जा रहा है, जो शादी के बाद दूसरे शहरों में रहती हैं और उनकी सास उनके साथ नहीं होतीं। ऐसी महिलाओं को सरगी की तैयारी खुद करनी पड़ती है। अगर सुबह के समय पसंद का खाना घर पहुंचने लगे, तो उनकी मुश्किल कुछ कम हो सकती है। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने पनीर पराठे और नारियल-अनार से सजी सरगी की थाली जैसे विकल्प भी सुझाए हैं।

डिलीवरी पार्टनर्स की सुरक्षा पर भी उठे सवाल

हालांकि, इस मांग पर सभी लोगों की राय एक जैसी नहीं है। कुछ यूजर्स ने तड़के डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा और मेहनत को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इतनी सुबह डिलीवरी पार्टनर्स को काम पर लगाना आसान नहीं होगा। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि सरगी का खाना घर पर बनाया जा सकता है, इसलिए इसके लिए किसी डिलीवरी कर्मचारी को परेशान करना जरूरी नहीं है। फिलहाल यह मांग सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। जोमैटो की ओर से ऐसी किसी खास सरगी डिलीवरी सेवा की शुरुआत की पुष्टि नहीं हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here