मुजफ्फरनगर: सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दरोगा अरुण चाहर को कैंडल मार्च निकालकर दी श्रद्धांजलि, नम आंखों से किया याद

0
7

मुजफ्फरनगर: थाना सिविल लाइन क्षेत्र की स्टेडियम चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण चाहर के असामयिक निधन से पुलिस विभाग के साथ-साथ क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है। 24 अक्टूबर की रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अरुण चाहर का उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन पर निशु गौ सेवक और विभु सिंघल के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने कैंडल मार्च निकालकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान निशु गौ सेवक ने अरुण चाहर को एक होनहार, सरल स्वभाव और मिलनसार पुलिस अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्होंने नगर कोतवाली क्षेत्र में भी सराहनीय योगदान दिया था। वह गौ सेवा और गौ माता के सम्मान के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। उनका असमय निधन बेहद दुखद है।

विभु सिंघल की श्रद्धांजलि

वहीं, विभु सिंघल ने कहा कि अरुण चाहर हमेशा जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए तैयार रहते थे। वह सभी के साथ आदर और सम्मान से पेश आते थे तथा कई बार निस्वार्थ भाव से लोगों की सहायता करते थे। उनके निधन से पुलिस विभाग और क्षेत्रवासियों को अपूरणीय क्षति हुई है। कैंडल मार्च के दौरान मौजूद लोगों ने नम आंखों से दिवंगत दरोगा अरुण चाहर को याद किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

Reported by- Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here