
मुंबई: वेटरन एक्ट्रेस मौसमी चटर्जी ने भले ही 12-13 साल की उम्र में 'बालिका बधू' से स्टारडम देख लिया हो, लेकिन निजी जिंदगी में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। कम उम्र में मशहूर गायक हेमंत कुमार के बेटे जयंत मुखर्जी से शादी और जल्दी मां बनने की जिम्मेदारी ने उनकी जिंदगी बदल दी। अब 70 साल की उम्र में मौसमी ने अपनी छोटी बेटी मेघा को एक ऐसे सलाह दी है, जो अब चर्चा विषय बन गई है।
मौसमी ने क्या कहा
एक इंटरव्यू में मौसमी ने खुद को प्रोग्रेसिव बताते हुए कहा, "मैं अपनी बेटी से कहती हूं कि तुम्हारा बॉयफ्रेंड हो सकता है, लेकिन उससे शादी करना जरूरी नहीं है।" उनकी यह बेबाक सलाह सुनकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। इतना ही नहीं एक्ट्रेस ने आज की महिलाओं को सेल्फिश होने की सलाह दी है। उन्होंने कहा, "लड़कियों, आज के समय में सावधान रहो। थोड़ा सेल्फिश और सेल्फ-सेंटर्ड बनो, क्योंकि समय बदल गया है। गीता में भी कहा गया है, परिवर्तन ही संसार का नियम है।" मौसमी के मुताबिक, हम बेटियों को ससुराल संभालना सिखाते हैं, लेकिन बेटों को घर की जिम्मेदारी नहीं सिखाते। यही सोच बदलने की जरूरत है।
'जो पसंद है वो करो'
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी बहुत तनाव में है, उनके पास अपने लिए वक्त ही नहीं है। मौसमी ने अपना जीवन मंत्र भी बताया, "किसी को कुछ साबित करने के लिए कुछ मत करो। जो पसंद है वो करो, लेकिन हद पार मत करो। गलती एक बार होती है, उसे दोहराओ मत। मैंने भी गलतियां कीं, लेकिन सीखकर आगे बढ़ी।"
अभी तक नहीं भूल बड़ी बेटी को खोने का गम
मौसमी की जिंदगी में एक बड़ा दर्द उनकी बड़ी बेटी पायल की मौत का है। 2019 में डायबिटीज से जूझने के बाद पायल का निधन हो गया था। वह दो साल तक कोमा में रहीं। मौसमी ने तब आरोप लगाया था कि दामाद और उसके परिवार ने पायल के इलाज में लापरवाही बरती और उन्हें बेटी से मिलने तक नहीं दिया गया। इसके लिए उन्होंने 2018 में बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी।
पायल को याद करते हुए मौसमी ने कहा था, "मैं और मेरे पति इस सदमे से कभी उबर नहीं पाए। यह खालीपन जिंदगीभर रहेगा। जब बच्चे की मौत होती है तो कोई भी इससे उबर नहीं सकता। मेरे पति रात में उठकर पायल का नाम लेकर रोते थे।"












