पति की बेरहमी से हत्या! छत से गिराया, फिर टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन लगाकर उतारा मौत के घाट

0
19
Horrific end to a relationship in Telangana Husband murdered by being pushed off the roof and then injected with toilet cleaner
Pinterest

हैदराबाद: तेलंगाना के निजामाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपने पति की साजिश रचकर हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, महिला ने पहले अपने साथियों की मदद से पति को छत से गिरवाया और जब वह बच गया तो इलाज के दौरान लगे कैनुला के जरिए कथित तौर पर टॉयलेट क्लीनर और बेहोशी की दवा शरीर में पहुंचा दी. इसके बाद घायल व्यक्ति की मौत हो गई.

मां की शिकायत से खुला मामला

मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रशांत के रूप में हुई है, जो खाड़ी देश में काम करता था. प्रशांत की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर बेटे की मौत पर संदेह जताया. उनका कहना था कि उन्हें यह भी जानकारी नहीं थी कि उनका बेटा घर लौट आया है. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की.

जांच में सामने आई हत्या की साजिश

पुलिस जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि आरोपी महिला का एक अन्य व्यक्ति से कथित प्रेम संबंध था. जांच में यह आशंका जताई गई कि पति इस रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई. इस साजिश में एक तीसरे व्यक्ति की भी मदद ली गई.

पहले छत से गिराया

जांच के अनुसार, योजना के तहत प्रशांत को पहले शराब पिलाई गई और फिर इमारत की छत से नीचे धक्का दे दिया गया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसकी जान बच गई. उसे पहले सरकारी अस्पताल और बाद में निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ समय बाद वापस घर ले आए.

कैनुला के जरिए दिया गया जहरीला पदार्थ

पुलिस का आरोप है कि घर लाने के बाद इलाज के लिए लगे कैनुला के जरिए प्रशांत के शरीर में टॉयलेट क्लीनर और बेहोशी की दवा पहुंचाई गई. इसके बाद उसे खाट से नीचे गिरा दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान तीनों आरोपियों से पूछताछ की गई. पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. मामले की आगे की जांच जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here