मुंबई: महाराष्ट्र के बीड शहर का एक परिवार इन दिनों अपनी बेटी के अनोखे स्वागत को लेकर चर्चा में है. खबर है कि दहीफले परिवार में करीब 200 साल बाद बेटी का जन्म हुआ है। वहीं परिवार ने बच्ची के घर आने की खुशी में ऐसा जश्न मनाया, जिसे देखने के लिए आसपास के लोग भी जुट गए. अब इस पूरे जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
क्या रखा गया बच्ची का नाम
बता दें, परिवार ने बच्ची का नाम गार्गी रखा है। जन्म के बाद जब उसे अस्पताल से घर लाया गया तो परिवार ने बाकायदा जश्न की तैयारी की। इस दौरान गार्गी को एक सजे हुए रथ में बैठाकर अस्पताल से घर ले जाया गया। साथ ही ढोल-ताशे बजाए गए और रास्ते में रोशनी की भी खास व्यवस्था की गई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्ची की मां भी इस रथ में उसके साथ नजर आ रही है।
परिवार के मुताबिक, चार पीढ़ियों से उनके घर में किसी बेटी का जन्म नहीं हुआ था। बच्ची के दादा लिंबाजी दहीफले ने बताया कि परिवार में करीब 200 साल बाद बेटी पैदा हुई है। यही वजह है कि गार्गी के जन्म को लेकर परिवार की खुशी काफी खास है।
ढोल-ताशों के साथ मनाया गया जश्न
बच्ची के अस्पताल से घर पहुंचने तक के सामने आए वीडियो में परिवार के लोग ढोल-ताशों के बीच बच्ची को रथ पर लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। रास्ते में कई लोग इस अनोखे स्वागत को देखने के लिए भी रुके। इस जश्न से साफ पता चल रहा है कि परिवार के लिए यह सिर्फ बेटी के घर आने का मौका नहीं था, बल्कि कई पीढ़ियों बाद मिली इस खुशी को सभी के साथ बांटने का अवसर भी था।
बेटी के जन्म पर इस तरह का आयोजन ऐसे समय हुआ है, जब देश में बेटियों की संख्या को लेकर लंबे समय से चिंता जताई जाती रही है। 2011 की जनगणना के आंकड़ों के अनुसार, भारत में 1000 लड़कों पर 919 लड़कियां थीं। वहीं, नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (NFHS) के हालिया आंकड़ों में जन्म के समय लिंगानुपात में सुधार देखने को मिला है। इसमें 1000 लड़कों पर 929 लड़कियों का आंकड़ा दर्ज किया गया था।











