क्या अब अमेरिका बनेगा 'Unites States'? ट्रंप के साइन किए कागज में बड़ी गलती, यूजर्स ने लगाई क्लास

0
8

नई दिल्ली: कल्पना कीजिए, दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों के सीईओ एक साथ बैठे हों, AI के भविष्य पर गंभीर बातचीत चल रही हो, और समझौते पर एक-एक करके बड़े-बड़े नाम दस्तखत कर रहे हों। लेकिन इसी बीच दस्तावेज में ऐसी एक गलती हो जाए, जिसे देखकर पूरा इंटरनेट हंसी नहीं रोक पाए। कुछ ऐसा ही हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टेक दिग्गजों के साथ AI की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा समझौता किया।

दरअसल ट्रंप ने अमेरिका की प्रमुख टेक कंपनियों के प्रमुखों के साथ मिलकर AI को सुरक्षित तरीके से विकसित करने को लेकर एक समझौते की घोषणा की। इस समझौते में AI से जुड़े संभावित खतरों पर नजर रखने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और स्वतंत्र ऑडिट जैसी बातों पर खास जोर दिया गया। इस मौके पर एंथ्रोपिक के डारियो अमोडेई, OpenAI के ग्रेग ब्रॉकमैन, गूगल के सुंदर पिचाई, मेटा के मार्क जुकरबर्ग, एलॉन मस्क और एनवीडिया के जेनसन हुआंग जैसे दुनिया के दिग्गज टेक लीडर मौजूद थे।

दस्तावेज में हुई चूक ने खींचा ध्यान

इतने गंभीर मौके पर जो गलती हुई, उसने तुरंत सबका ध्यान खींच लिया। दस्तावेज में लिखा गया था “President of the Unites States”, जबकि सही शब्द होना चाहिए था “President of the United States”। यानी अमेरिका के नाम में United की जगह गलती से Unites छप गया। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया यूजर्स की नजर इस छोटी सी चूक पर पड़ते ही कमेंट्स की बाढ़ आ गई।

सोशल मीडिया पर मजाक का सिलसिला शुरू

एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि कहीं ट्रंप अब सच में ऐसा कार्यकारी आदेश ही साइन न कर दें, जिससे अमेरिका का नाम बदलकर “Unites States” हो जाए। वहीं एक अन्य यूजर ने सलाह दी कि अगली बार कोई भी आधिकारिक दस्तावेज भेजने से पहले उसकी बेहतर प्रूफरीडिंग कर लेनी चाहिए।

इस छोटी सी गलती के बीच समझौते का असली मकसद कहीं पीछे न छूट जाए, इसलिए यह जानना जरूरी है कि इसमें AI सिस्टम को जिम्मेदारी से विकसित करने पर जोर दिया गया है। कंपनियों ने आंतरिक निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और कई स्तरों पर जांच करने की बात कही, जिसमें बाहरी ऑडिटर और स्वतंत्र मूल्यांकन जैसी प्रक्रियाएं भी शामिल हैं।

टेक लीडर्स ने क्या कहा

मेटा के मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि इसका मकसद लोगों को यह भरोसा दिलाना है कि AI तकनीक ठीक उसी तरह काम करेगी, जैसा कंपनियां चाहती हैं। गूगल के सुंदर पिचाई ने भी AI के फायदों के साथ उसके जोखिमों को गंभीरता से लेने की बात कही। एंथ्रोपिक के डारियो अमोडेई के मुताबिक AI के बड़े फायदे हैं, लेकिन इसके वास्तविक खतरों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वहीं एनवीडिया के जेनसन हुआंग ने कहा कि तकनीकी तरक्की और सुरक्षा एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि दोनों साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं।

कुल मिलाकर इस बड़ी बैठक का मकसद AI के भविष्य और सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर था, लेकिन फिलहाल इंटरनेट की नजरें एक छोटी सी स्पेलिंग मिस्टेक पर टिकी हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here