नई दिल्ली: देशभर में मानसून का असर लगातार तेज बना हुआ है और कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. मौसम विभाग ने 18 अगस्त को यूपी, बिहार समेत 19 राज्यों के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर ओले गिरने और पेड़ गिरने का खतरा भी है. ऐसे मौसम में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. किसानों और मछुआरों को सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है. पूर्वी भारत के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली और तेज गर्जना का खतरा रहेगा. उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के अलावा राजस्थान के मध्य हिस्सों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है.
देश के 19 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट
18 अगस्त को यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, केरल और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है. कई जगहों पर आंधी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
दिल्ली और यूपी-बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में 18 अगस्त को मध्यम से तेज बारिश के साथ आंधी का असर देखने को मिल सकता है. इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है. राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बलरामपुर, बिजनौर, महाराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया, सोनभद्र, चंदौली, मऊ, वाराणसी और प्रयागराज में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. हवाएं 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 27 डिग्री रहेगा.
वहीं, गया, पटना, सारण, सिवान, बक्सर, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल, खगड़िया और भागलपुर में भारी बारिश के साथ आंधी का येलो अलर्ट है. हवा 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है. पटना में तापमान 31 और 27 डिग्री रहेगा.
झारखंड में आज मौसम कैसा रहेगा
रांची, खूंटी, देवघर, धनबाद, साहेबगंज, जमशेदपुर, बोकारो, पलामू, लातेहार, रामगढ़ और लोहरदगा में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी है. रांची में अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पहाड़ो में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, उधमसिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर में भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट है. हवा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. देहरादून में तापमान 26 और 23 डिग्री रहेगा. हिमाचल के कांगड़ा, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, कुल्लू, बिलासपुर और चंबा में तेज बारिश और हवाओं की चेतावनी है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मनाली में अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 11 डिग्री रहेगा.
जम्मू-कश्मीर के पूंछ, कुलगाम, जम्मू, पुलवामा, अनंतनाग, राजौरी, उधमपुर, कठुआ और गांदरबल में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है. यहां हवा 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है. श्रीनगर में तापमान 30 और 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.पश्चिम बंगाल में भी बारिश और आंधी की संभावना
कोलकाता, हावड़ा, बांकुड़ा, मुर्शिदाबाद, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व बर्धमान, उत्तर 24 परगना और नादिया में भारी बारिश के साथ आंधी की संभावना है. हवा 60 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल सकती है. कोलकाता में तापमान 32 और 27 डिग्री रहेगा.
पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में क्या है मौसम का हाल
पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, फरीदकोट, फिरोजपुर, कपूरथला, संगरूर और जालंधर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी है. इस दौरान हवा 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती है. राजस्थान में कई जिलों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. जयपुर में तापमान 33 और 26 डिग्री रहेगा. अलवर, करौली, झालावाड़, बारां, अजमेर, कोटा, उदयपुर, भीलवाड़ा और प्रतापगढ़ में भारी बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है.







