नई दिल्ली: जिंदगी में कई बार ऐसी घटनाएं घट जाती हैं, जिन पर यकीन करना आसान नहीं होता। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक महिला की ऐसी ही चौंकाने वाली कहानी तेजी से वायरल हो रही है। अमेरिका में रहने वाली वानिया वाल्ट्रियानी ने कोमा से बाहर आने के बाद जो अनुभव साझा किया, उसने विज्ञान और अध्यात्म दोनों जगत को हैरान कर दिया है।
मिरर यूके की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2014 में 45 साल की वानिया एक पार्टी में मस्ती से डांस कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके सिर में तेज दर्द उठा, जैसे किसी ने जोर से चोट पहुंचाई हो। जांच में डॉक्टरों को पता चला कि वानिया के दिमाग की एक नस फट गई थी। हालात इतने गंभीर थे कि डॉक्टरों ने परिवार को साफ कह दिया था कि उनके बचने की उम्मीद बहुत कम है। इसके बाद वानिया लगातार तीन दिनों तक गहरे कोमा में चली गईं।
शरीर अस्पताल में, आत्मा किसी और दुनिया में
वानिया बताती हैं कि जब डॉक्टर आईसीयू में उनकी जान बचाने की जद्दोजहद कर रहे थे, उसी समय उनकी आत्मा शरीर से बाहर निकल चुकी थी। उन्होंने खुद को बेड के ऊपर उड़ते हुए और नीचे लेटा हुआ देखा। इसके बाद वह एक ऐसी दुनिया में पहुंच गईं, जो बेहद शांत और खूबसूरत थी, जहां किसी तरह का दर्द या डर महसूस ही नहीं हो रहा था। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि उस रहस्यमयी दुनिया में उनकी मुलाकात अपने पिता से हुई, जिनका निधन 16 साल पहले ही हो चुका था। वानिया के मुताबिक, उनके पिता वहां बूढ़े नहीं बल्कि जवान नजर आए और एक चमकती रोशनी से घिरे हुए थे।
पिता ने दिया जिंदगी का सबसे बड़ा सबक
उस पल पिता ने वानिया को गले लगाया और बिना कुछ बोले उन्हें यह समझाया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं, सब कुछ ठीक हो जाएगा। पिता ने यह भी बताया कि मौत कहानी का अंत नहीं है, बल्कि सच तो यह है कि मौत जैसी कोई चीज होती ही नहीं। वानिया उस दिव्य दुनिया में ही रुक जाना चाहती थीं, लेकिन अचानक उन्हें वापस अपने शरीर में लौटने का एहसास हुआ और वह तेज दर्द के साथ होश में आ गईं।
तीन दिन बाद जब वानिया की आंखें खुलीं, तो वह पहले से बिल्कुल अलग इंसान बन चुकी थीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वह अपनी मातृभाषा पुर्तगाली पूरी तरह भूल चुकी थीं, और उन्हें सिर्फ अंग्रेजी भाषा ही याद रह गई थी। आज उनका यह नियर डेथ एक्सपीरियंस पूरी दुनिया में जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है।











