चीन के इस रेस्टोरेंट में नौकरी के लिए मेकअप करना जरूरी, महिला कर्मचारियों के अजीब नियम

0
4

नई दिल्ली: सुबह काम पर जाने से पहले किसी कर्मचारी की सबसे बड़ी चिंता बस पकड़ना या काम का दबाव नहीं, बल्कि आईलाइनर और नकली पलकों को ठीक करना हो, तो यह हैरान करने वाला है। चीन की हॉटपॉट रेस्टोरेंट चेन न्यू न्यू सुकीयाकी इन दिनों महिला कर्मचारियों के मेकअप और हेयरस्टाइल से जुड़े कथित नियमों को लेकर चर्चा में है। इस मामले ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, शंघाई से शुरू हुई यह चेन जापानी शैली का हॉटपॉट बुफे परोसती है। कुछ समय पहले यह ब्रांड अकेले भोजन करने वाले ग्राहकों के लिए बनाए गए खास केबिन के कारण चर्चा में आया था। चीन में सोलो डाइनिंग की बढ़ती लोकप्रियता के बीच ग्राहकों ने इस सुविधा को पसंद किया था। लेकिन अब महिला कर्मचारियों के तैयार होने से जुड़े नियमों पर सवाल उठ रहे हैं। एक ग्राहक ने सोशल मीडिया पर इन निर्देशों को लेकर नाराजगी जताई, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

मेकअप और हेयरस्टाइल को लेकर क्या हैं दावे?

रिपोर्ट्स के अनुसार, अलग-अलग शाखाओं में नियमों का दायरा अलग हो सकता है। कुछ जगह इन्हें खाना परोसने वाली महिला कर्मचारियों तक सीमित बताया गया है, जबकि अन्य शाखाओं में रसोई और सफाई से जुड़ी महिलाओं पर भी ऐसे निर्देश लागू होने की बात सामने आई है। दावों के मुताबिक, कर्मचारियों से केवल हल्की लिपस्टिक लगाने की अपेक्षा नहीं होती, बल्कि आईशैडो, आईलाइनर, नकली पलकें और तय हेयरस्टाइल रखने पर भी जोर दिया जाता है। एक पूर्व कर्मचारी ने बताया कि ड्यूटी के लिए तैयार होने के लिए उन्हें कभी-कभी सुबह पांच बजे उठना पड़ता था। वहीं, एक आवेदिका ने दावा किया कि मेकअप और हेयरस्प्रे इस्तेमाल करने में दक्ष न होने के कारण उसे पार्ट-टाइम नौकरी नहीं मिली।

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

कुछ रिपोर्ट्स में नियमों का पालन नहीं करने पर वेतन से छोटी रकम काटने और पूर्णकालिक कर्मचारियों को मासिक मेकअप भत्ता देने का भी जिक्र है। हालांकि, इन आरोपों पर कंपनी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। चीनी सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि ग्राहक रेस्टोरेंट में खाना और अच्छी सेवा लेने आते हैं, कर्मचारियों का मेकअप देखने नहीं। कुछ लोगों का कहना है कि तैयार होने, मेकअप हटाने और उससे जुड़े खर्च का अतिरिक्त बोझ महिलाओं पर डालना ठीक नहीं है। बहस इस बात पर है कि कार्यस्थल पर कर्मचारी की क्षमता अहम होनी चाहिए या उसका रूप-रंग।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here