UP Election 2027: मथुरा से BJP ने किया चुनावी शंखनाद, जीत की हैट्रिक के लिए 54 दिग्गजों ने बनाई रणनीति

0
14

मथुरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ भाजपा ने ब्रज की धरती से चुनावी शंखनाद की रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। फरह क्षेत्र के परखम गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-विज्ञान अनुसंधान परिसर में सोमवार को भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर के पहले दिन सत्ता और संगठन के दिग्गज नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया। बैठक में बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और चुनावी समीकरण साधने की रणनीति पर चर्चा हुई। पहले दिन के सत्रों के समापन के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 2027 में भाजपा उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

54 वरिष्ठ नेताओं ने तैयार की चुनावी कार्ययोजना

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि से आगामी दो वर्षों की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। चिंतन शिविर में सरकार, संगठन और राष्ट्रीय स्तर पर कार्य कर रहे 54 वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य केवल चुनावी रणनीति बनाना नहीं, बल्कि संगठन की ताकत को और बढ़ाना तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और जनता सरकार के कामकाज से संतुष्ट है।

60 प्रतिशत वोट भाजपा का, अखिलेश पर साधा निशाना

विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत को लेकर मौर्य ने कहा कि पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का मानना है कि 100 प्रतिशत में से 60 प्रतिशत वोट उसका है और शेष 40 प्रतिशत में भी उसकी हिस्सेदारी रहेगी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके मुंगेरीलाल के हसीन सपने चूर-चूर हो जाएंगे। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के साथ है और पार्टी का संगठन चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर सरकार का दावा

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने पिछली सपा सरकार को घेरते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, माफियाराज और दंगों का बोलबाला था। योगी सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गरीबी उन्मूलन की दिशा में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय काम किया है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को विकसित उत्तर प्रदेश के माध्यम से भाजपा ही साकार करेगी।

‘अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है’

श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है।’ उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण के सच्चे भक्त हैं तो उन्हें मथुरा आकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए कारसेवा में हिस्सा लेना चाहिए। हालांकि, अखिलेश यादव के साथ कारसेवा करने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया।

चिंतन शिविर में दिग्गज नेताओं की मौजूदगी

चिंतन शिविर के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी, प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, सुरेश खन्ना, महेंद्र नाथ पांडेय और स्मृति ईरानी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बूथ प्रबंधन, पन्ना प्रमुखों की सक्रियता, नए मतदाताओं और महिलाओं तक पहुंच बनाने तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

मंगलवार को मथुरा पहुंचेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

चिंतन शिविर के दूसरे और अंतिम दिन मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मथुरा पहुंचेंगे। उनके सामने भी चुनावी तैयारियों और संगठन की भावी कार्ययोजना से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। दो दिवसीय इस महामंथन के जरिए भाजपा ने साफ संकेत दे दिया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी अभी से पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here