नई दिल्ली: अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री और पूर्व राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि ट्रंप रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कठपुतली बनने को तैयार हैं और दुनिया को तीन हिस्सों में बांटना चाहते हैं। एक वीडियो पॉडकास्ट में हिलेरी ने कहा, ट्रंप का आइडिया दुनिया को तीन हिस्सों में बांटने का है। वह पश्चिमी हिस्से यानी उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी अमेरिका और ग्रीनलैंड पर खुद कब्जा रखना चाहते हैं, जबकि यूरोप को पुतिन के हवाले कर दिया है और बाकी बची दुनिया शी जिनपिंग के खाते में जाएगी।
ट्रंप की नीतियों पर उठाए सवाल
हिलेरी ने कहा कि ट्रंप पुतिन की मदद करने के लिए उनकी कठपुतली बनकर काम करने को तैयार हैं। उनका यह बयान ट्रंप की हाल की नीतियों से भी मेल खाता है। दूसरे कार्यकाल में ट्रंप लगातार कनाडा को अमेरिका में मिलाने की बात कह रहे हैं। ग्रीनलैंड पर कब्जे को लेकर भी वह कई बार बयान दे चुके हैं। दक्षिण अमेरिका में अपना दबदबा बढ़ाने के लिए वह मुनरो डॉक्ट्रिन का नया रूप ‘डोनरो डॉक्ट्रिन’ लाए हैं। हिलेरी का कहना है कि ट्रंप यूरोप में अपने पुराने सहयोगी देशों से रिश्ते खराब कर रहे हैं, जबकि रूस और चीन से नजदीकी बढ़ा रहे हैं।
पुतिन सिर्फ यूक्रेन पर नहीं रुकेंगे
हिलेरी ने पुतिन को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई सोचता है कि पुतिन सिर्फ यूक्रेन तक रुक जाएंगे तो यह उसकी भूल है। रूस आने वाले समय में यूरोप में भी अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश करेगा। यह पहली बार नहीं है जब हिलेरी ने ट्रंप को पुतिन की कठपुतली कहा है। 2016 के राष्ट्रपति चुनाव की बहस में भी उन्होंने ऐसा आरोप लगाया था। अब ट्रंप की मौजूदा रूस नीति ने उनके दावे को और हवा दे दी है।
रूस से डीजल खरीद पर नया विवाद
2014 में क्रीमिया पर हमले के बाद से अमेरिका ने रूस पर प्रतिबंध लगाए हुए हैं, जो 2022 में यूक्रेन जंग के बाद और कड़े हुए। लेकिन ट्रंप ने हाल में रूस से डीजल खरीदने का ऐलान कर नया विवाद खड़ा कर दिया है। विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी इस मुद्दे पर उन्हें घेर रही है, जबकि ट्रंप इसे राष्ट्रीय हित का फैसला बता रहे हैं।












