सुवेंदु अधिकारी के PA की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोले हत्याकांड के राज

0
6

कोलकाता: बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कई अहम खुलासे हुए हैं. शुरुआती मेडिकल जांच के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ को 7.6 बोर की सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल से तीन गोलियां मारी गई थीं. गोलियां उनके शरीर के महत्वपूर्ण हिस्सों में लगीं, जिससे दिल को गंभीर नुकसान पहुंचा. अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया और आखिरकार उनकी मौत हो गई. 

पैतृक घर चांदीपुर भेजा गया शव 

सूत्रों का कहना है कि गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई, जिसकी वजह से उनकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई. पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद चंद्रनाथ रथ के शव को बारासात अस्पताल के मुर्दाघर से निकालकर एंबुलेंस के जरिए उनके पैतृक घर चांदीपुर भेजा गया. अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे. स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई. इस दौरान फॉरवर्ड ब्लॉक नेता संजीव चटर्जी भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित की.

घटना बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुई. आरोप है कि दोहड़िया क्षेत्र में बाइक सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार पर अचानक फायरिंग कर दी. उस समय उनके साथ ड्राइवर बुद्धदेव भी कार में मौजूद थे. हमले के बाद दोनों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के ईएम बाईपास स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

ड्राइवर सीट और अगली सीट पर खून के निशान

घटना के तुरंत बाद पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची. जांच अधिकारियों ने कार से कई अहम सैंपल जुटाए. ड्राइवर सीट और अगली सीट पर खून के निशान मिले हैं. फोरेंसिक टीम ने कार के अंदर के अलग-अलग हिस्सों की गहन जांच की और बाद में वाहन को जांच के लिए दूसरी जगह भेज दिया गया.

इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच अब स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) को सौंप दी गई है, जिसमें राज्य पुलिस और CID अधिकारियों को शामिल किया गया है. राज्य पुलिस प्रमुख सिद्धनाथ गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान एक संदिग्ध चारपहिया वाहन बरामद किया गया है, जिसकी नंबर प्लेट सिलीगुड़ी की बताई जा रही है. हालांकि, पुलिस को शक है कि नंबर प्लेट फर्जी हो सकती है. मौके से कुछ गोलियां और खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here