बिहार में सनसनी! पूर्व CM नीतीश कुमार के घर के बाहर चली गोलियां, 2 युवक घायल

0
5
Former CM Nitish Kumar
Former CM Nitish Kumar

पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे बख्तियारपुर में उस वक्त दहशत का माहौल बन गया, जब बदमाशों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलियां चलाकर इलाके में सनसनी फैला दी। वारदात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह दुस्साहसिक घटना पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैतृक आवास के ठीक सामने वाली सड़क और बख्तियारपुर थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। इस अचानक हुई गोलीबारी में दो स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू हो गई

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवकों की पहचान बख्तियारपुर के देदौर गांव निवासी विशाल कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। बुधवार को दोनों युवक सीढ़ी घाट पर आयोजित गंगा आरती में शामिल होकर एक ही बाइक से वापस अपने घर की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे बख्तियारपुर थाने और पूर्व सीएम आवास के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमलावरों के मंसूबे इतने खतरनाक थे कि युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

गोली लगने के बावजूद खुद अस्पताल पहुंचे

इस जानलेवा हमले में विशाल कुमार के पीठ में और अभिषेक कुमार के पेट में गोली लगी। शरीर में गोली लगने और भारी मात्रा में खून बहने के बावजूद दोनों युवकों ने हिम्मत नहीं हारी। जान बचाने के लिए उन्होंने तुरंत अपनी बाइक वहीं छोड़ दी और पैदल ही किसी तरह पास के बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन दोनों की नाजुक स्थिति और घाव की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) रेफर कर दिया गया।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

घटना स्थल के अति-संवेदनशील क्षेत्र में होने के कारण पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के आसपास सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौका-ए-वारदात पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। फॉरेंसिक जांच के लिए पुलिस ने घटनास्थल से एक इस्तेमाल किया हुआ खोखा और दो जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। पुलिस आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके. घटना की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक अरुण कुमार शाह ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना और इस वारदात की कड़ी निंदा की.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here