ग्रेटर नोएडा: दीपावली की जगमगाहट के बीच आमजन की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा का मोर्चा संभाल लिया है। बाजारों की भीड़ हो या सड़कों पर वाहनों की आवाजाही, हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर है। इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने की पैदल गश्त
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने एसीपी-1 ग्रेटर नोएडा संचित शर्मा के साथ थाना बीटा-2 क्षेत्र के एच्छर मार्केट, जगतफार्म और आसपास के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। अधिकारियों ने बाजारों में सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
संदिग्ध गतिविधियों व यातायात पर विशेष जोर
इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संदिग्ध गतिविधियों और वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। साथ ही बाजारों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। डीसीपी ने सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने तथा संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए।












