नई दिल्ली: भारत ने न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत धमाकेदार जीत के साथ की है। क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले गए पहले टी20 मैच में टीम इंडिया ने 226 रनों के बड़े लक्ष्य को 2 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। यह टी20 इंटरनेशनल में भारत का सबसे सफल रनचेज है। इससे पहले भारत ने इतना बड़ा लक्ष्य कभी चेज नहीं किया था।
इस जीत के हीरो संजू सैमसन और नमन धीर रहे। संजू ने तूफानी शुरुआत देते हुए 33 गेंदों में 67 रन ठोक दिए, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं आखिर में नमन धीर ने सिर्फ 15 गेंदों पर 42 रन बनाकर मैच पलट दिया, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के लगे।
5.5 ओवर में बनाए 93 रन
226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही। संजू और अभिषेक शर्मा ने 5.5 ओवर में ही 93 रन जोड़ दिए। अभिषेक ने 12 गेंदों में 29 रन बनाए। इसके बाद मध्यक्रम लड़खड़ा गया। तिलक वर्मा 6 रन और ईशान किशन 1 रन बनाकर आउट हो गए। यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने 45 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। अक्षर ने 24 रन बनाए। श्रेयस ने 28 गेंदों में 42 रन का अहम योगदान दिया। आखिर में नमन धीर और नीतीश रेड्डी ने टीम को जीत दिला दी।
A powerful batting display helps India chase down a target of 226 in the T20I series opener against New Zealand 💪 📝: https://t.co/IVpAEwsDMs https://t.co/mB6dCwDoqk
— ICC (@ICC) October 22, 2026
फिलिप्स की नाबाद 82 रन की पारी बेकार
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 4 विकेट पर 225 रन बनाए थे। ग्लेन फिलिप्स ने गदर काटते हुए 40 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल थे। फिन एलन ने 24 गेंदों पर 45 रन और बेवन जैकब्स ने 16 गेंदों पर 31 रन बनाए। भारत की तरफ से अर्शदीप, मयंक यादव और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला।
इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 मैच 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में ही खेला जाएगा। यूरोप दौरे पर आयरलैंड और इंग्लैंड से हार के बाद यह जीत टीम इंडिया के लिए काफी अहम है।












