पेरू में बड़ा विमान हादसा, नाज़का लाइन्स के पास पर्यटक विमान क्रैश, 13 की मौत

0
10
Peru plane crash
Peru plane crash

पेरू: दुनिया के सबसे प्रसिद्ध पुरातात्विक स्थलों में गिने जाने वाले नाज़्का लाइन्स का हवाई नजारा देखने निकले पर्यटकों के लिए शनिवार का दिन दर्दनाक साबित हुआ. नाज़्का शहर के पास एक पर्यटक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 13 लोगों की मौत हो गई. हादसे ने स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ा दी है. पेरू सरकार ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.

पेरू के परिवहन और संचार मंत्रालय (एमटीसी) के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान सेस्ना कारवां C-208 था, जिसका संचालन पर्यटक उड़ानों के लिए अधिकृत एयरलाइन एयरोडियाना कर रही थी. विमान ने दोपहर 12:10 बजे पिस्को हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी. इसमें इटली, जर्मनी और स्पेन के 11 विदेशी पर्यटक और दो चालक दल के सदस्य सवार थे. सभी लोग नाज़्का लाइन्स का हवाई दृश्य देखने जा रहे थे.

उड़ान के दौरान भेजा गया आपातकालीन संदेश

जानकारी के मुताबिक, उड़ान के करीब एक घंटे बाद जब विमान प्यूब्लो नुएवो जिले के सोकोस इलाके के पास पहुंचा, तब चालक दल ने नाज़्का हवाई अड्डे के कंट्रोल टावर को आपातकालीन स्थिति की सूचना दी. इसके कुछ ही क्षण बाद विमान से रेडियो संपर्क पूरी तरह टूट गया. संपर्क खत्म होते ही प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया.

बचाव दल को नहीं मिला कोई जीवित

सूचना मिलते ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGAC), कॉर्पैक के अग्निशमन दल और पेरू राष्ट्रीय पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं. काफी तलाश के बाद बचाव दल ने पुष्टि की कि विमान में सवार सभी 13 लोगों की मौत हो चुकी है. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को जीवित नहीं बचाया जा सका.

हादसे की जांच शुरू

सरकार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विमानन दुर्घटना जांच आयोग और डीजीएसी ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों की भी समीक्षा की जाएगी. साथ ही, विदेश मंत्रालय प्रभावित देशों के अधिकारियों के संपर्क में है ताकि मृतकों के परिजनों को आधिकारिक माध्यम से सूचना दी जा सके.

नाज़्का लाइन्स क्यों हैं खास?

नाज़्का लाइन्स पेरू के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन और पुरातात्विक स्थलों में शामिल हैं. यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल ये विशाल आकृतियां करीब 500 ईसा पूर्व से 500 ईस्वी के बीच बनाई गई थीं. रेगिस्तान में बनी इन आकृतियों को जमीन से पूरी तरह देख पाना मुश्किल है, इसलिए पर्यटक इन्हें देखने के लिए हवाई यात्रा को सबसे बेहतर विकल्प मानते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here