पाकिस्तान में टैलेंट की कमी नहीं! ‘टेक्नोलॉजी डेमो’ बना मजाक, ड्राइवरलेस कार ने पुलिस की गाड़ी में मारी टक्कर

0
11
Pakistan Driverless Car
X @ww3mediaa

नई दिल्ली: पाकिस्तान में एक अनोखे कार टेस्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में घर पर तैयार की गई एक कथित ‘ड्राइवरलेस’ कार सड़क पर टेस्टिंग के दौरान अचानक बेकाबू हो जाती है और सीधे पुलिस की गाड़ी से जा टकराती है. घटना के बाद वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स के मजेदार रिएक्शन भी सामने आ रहे हैं.

सैटेलाइट और इंटरनेट से कंट्रोल हो रही थी कार

बताया जा रहा है कि यह घटना इस्लामाबाद के डी-चौक इलाके में हुई, जो संसद भवन के आसपास का बेहद संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है. पत्रकार मुहम्मद अलीजाह इस कार की टेस्टिंग को रिकॉर्ड कर रहे थे और खुद भी कार की अगली यात्री सीट पर बैठे थे.

जानकारी के मुताबिक कार को सैटेलाइट और इंटरनेट कनेक्शन की मदद से दूर से संचालित किया जा रहा था. शुरुआत में कार सामान्य तरीके से आगे बढ़ रही थी. वीडियो में पत्रकार कार की तकनीक और उसकी खासियतों के बारे में बताते हुए नजर आते हैं.

अचानक बिगड़ा कंट्रोल

टेस्टिंग के दौरान अचानक कार के स्टीयरिंग सिस्टम में गड़बड़ी होने लगी. कार बिना रुके सामने खड़ी पुलिस की गाड़ी की ओर बढ़ने लगी. अंदर बैठे अलीजाह ने कार को रोकने की कोशिश की और हैंडब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.

इसके बाद कार पुलिस की गाड़ी से जा भिड़ी. हालांकि, सामने आई जानकारी के अनुसार टक्कर में दोनों वाहनों को मामूली नुकसान हुआ और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है.

इंटरनेट कनेक्शन टूटने से हुई गड़बड़ी?

अलीजाह के मुताबिक, कार के बेकाबू होने की मुख्य वजह इंटरनेट कनेक्शन में आई समस्या थी. उन्होंने बताया कि शुरुआत में ऑटोमैटिक ड्राइविंग सिस्टम ठीक काम कर रहा था, लेकिन कनेक्शन टूटने के बाद कार का नियंत्रण बिगड़ गया.

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना का मकसद टेक्नोलॉजी बनाने वाले व्यक्ति को बदनाम करना नहीं था. हालांकि, घटना ने यह जरूर दिखाया कि ऐसी तकनीक को सार्वजनिक इस्तेमाल में लाने से पहले पर्याप्त टेस्टिंग और सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here