हरियाणा सरकार का बड़ा ऐलान, 30 लाख तक की इलेक्ट्रिक कार पर 100% टैक्स माफ

0
7
Haryana EV Policy 2026
Haryana EV Policy 2026

Haryana EV Policy: इलेक्ट्रिक गाड़ियां प्रदूषण कम करती हैं, इनकी चलाने की लागत (रनिंग कॉस्ट) और मेंटेनेंस भी पेट्रोल-डीजल गाड़ियों के मुकाबले सस्ता होता है। यही वजह है कि सरकारें EV को बढ़ावा दे रही हैं, इसी दिशा में हरियाणा सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ₹30 लाख तक की नई बैटरी इलेक्ट्रिक गाड़ियों (BEV) पर 100% मोटर व्हीकल (रोड) टैक्स माफ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है, यह फैसला हरियाणा बजट 2026-27 में की गई घोषणा को लागू करने के लिए लिया गया है इससे राज्य में नई इलेक्ट्रिक कार खरीदना पहले के मुकाबले काफी सस्ता और आसान हो जाएगा.

EV पर 100% टैक्स माफ

हरियाणा सरकार के नए नियम के अनुसार, ₹30 लाख (एक्स-शोरूम) तक की कीमत वाली सभी नई बैटरी इलेक्ट्रिक गाड़ियों (BEV) पर अब 100% मोटर व्हीकल (रोड) टैक्स माफ होगा. इसके साथ ही अगर इलेक्ट्रिक कार की एक्स-शोरूम कीमत ₹30 लाख से अधिक है, तो उस पर मोटर व्हीकल टैक्स में 50% की छूट मिलेगी.

पहले क्या था नियम?

पहले हरियाणा में इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर सिर्फ 20% मोटर व्हीकल टैक्स की छूट मिलती थी। अब सरकार ने इस छूट को बढ़ाकर ₹30 लाख तक की EV के लिए 100% और ₹30 लाख से महंगी इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए 50% कर दिया है। इससे राज्य में बिकने वाली ज्यादातर इलेक्ट्रिक कारें पहले के मुकाबले सस्ती हो जाएंगी।

महिलाओं को मिलेगा अतिरिक्त फायदा

हरियाणा सरकार ने महिला खरीदारों के लिए भी बड़ी राहत का ऐलान किया है. नए नियम के अनुसार, अगर ₹20 लाख तक (एक्स-शोरूम) की कोई नई प्राइवेट गाड़ी (पेट्रोल, डीजल, CNG या EV) किसी महिला के नाम पर रजिस्टर होती है, तो मोटर व्हीकल (रोड) टैक्स में 1% की अतिरिक्त छूट मिलेगी. वहीं सरकार ने साफ किया है कि CNG गाड़ियों पर मिलने वाली 20% मोटर व्हीकल टैक्स छूट में कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी CNG वाहन खरीदने वालों को पहले की तरह ही 20% टैक्स छूट मिलती रहेगी.

लोगों को क्या होगा फायदा?

हरियाणा सरकार के इस फैसले से राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की खरीद को बढ़ावा मिलेगा. रोड टैक्स में छूट मिलने से नई इलेक्ट्रिक कार खरीदना पहले के मुकाबले सस्ता हो जाएगा. इससे अधिक लोग पेट्रोल-डीजल की जगह EV खरीदने के लिए प्रेरित होंगे। जो लोग नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, उन्हें इस फैसले से सीधा आर्थिक फायदा मिलेगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here