नई दिल्ली: सितंबर की शुरुआत LPG ग्राहकों के लिए बढ़ी हुई कीमतों के साथ हुई है. तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 सितंबर से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी की है. अलग-अलग शहरों में इसकी कीमत में बदलाव हुआ है. हालांकि, घरेलू रसोई गैस इस्तेमाल करने वाले लोगों को फिलहाल राहत मिली है. 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर हुआ महंगा
नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 2,738 रुपये से बढ़कर 2,747.50 रुपये हो गई है. यानी यहां ग्राहकों को 9.50 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे. नोएडा में भी कीमत 2,738 रुपये से बढ़कर 2,747.50 रुपये हो गई है.
मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर अब 2,701 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 2,691.50 रुपये थी. चेन्नई में 19 किलो का सिलेंडर 2,906 रुपये से बढ़कर 2,916.50 रुपये हो गया है. वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 2,872.50 रुपये से बढ़कर 2,982 रुपये पहुंच गई है.
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली में यह सिलेंडर 942 रुपये में मिल रहा है. मुंबई में इसकी कीमत 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये बनी हुई है. इसका मतलब है कि सितंबर की शुरुआत में घरों के रसोई बजट पर LPG कीमत बढ़ने का सीधा असर नहीं पड़ेगा.
छोटे LPG सिलेंडर की कीमतों में भी बदलाव
5 किलो वाले सामान्य ‘छोटू’ LPG सिलेंडर की कीमत 349.50 रुपये पर स्थिर है. वहीं XTRALITE सिलेंडर भी 339 रुपये में उपलब्ध है. हालांकि, 5 किलो वाले नॉन-डोमेस्टिक सिलेंडर के दाम में 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. इसकी कीमत 762 रुपये से बढ़कर 764 रुपये हो गई है.
सबसे महंगा सिलेंडर कहां?
शहरों के बीच LPG की कीमतों में अंतर का एक बड़ा कारण परिवहन लागत भी है. उदाहरण के लिए, लेह में 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर 1,179 रुपये का है. वहीं 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 3,385.50 रुपये में मिल रहा है.
कमर्शियल LPG महंगा होने से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य कारोबारों की लागत बढ़ सकती है. इसका सीधा असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है. फिलहाल घरेलू LPG सिलेंडर के दाम स्थिर रहने से आम परिवारों को राहत मिली है.












