फॉर्म नहीं, फॉलोअर्स बोलेंगे: LPL के नए नियमों से मचा बवाल

0
9
LPL
LPL

नई दिल्ली: क्रिकेट अब सिर्फ बल्ले-गेंद का खेल नहीं रहा। लंका प्रीमियर लीग (LPL) ने अपने छठे सीजन से पहले ऐसा नियम लागू किया है जिससे खिलाड़ी की कीमत अब फॉर्म से नहीं, फॉलोअर्स से तय होगी। सिर्फ अच्छा खेलने से कोई टॉप कैटेगरी में नहीं पहुंच पाएगा। सोशल मीडिया की ताकत और कमर्शियल अपील भी उतनी ही जरूरी हो गई है।

आइकॉन बनने के लिए 2.5 लाख फॉलोअर्स जरूरी 

LPL के नए नियमों के मुताबिक ‘आइकॉन’ कैटेगरी में आने के लिए विदेशी खिलाड़ी का 75 T20 इंटरनेशनल और 100 से ज्यादा फ्रेंचाइजी T20 मैच खेलना जरूरी है। साथ ही पिछले 18 महीनों में 30 मैच खेले होने चाहिए। लेकिन असली शर्त ये है: खिलाड़ी के सोशल मीडिया पर 2.5 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स होने चाहिए। बिना इतने फॉलोअर्स के कितना भी बड़ा नाम हो, आइकॉन नहीं बन सकता।

स्टार और गोल्ड कैटेगरी में भी फॉलोअर्स का खेल 

सिर्फ आइकॉन ही नहीं, ‘स्टार’ कैटेगरी के लिए भी 2.5 लाख फॉलोअर्स अनिवार्य कर दिए गए हैं। ‘गोल्ड’ कैटेगरी में जगह बनाने के लिए 30 T20 इंटरनेशनल, 75 फ्रेंचाइजी मैच और पिछले 18 महीने में 20 मैच खेलने होंगे।

इसके साथ कम से कम 1.5 लाख सोशल मीडिया फॉलोअर्स भी चाहिए। यहां तक कि ‘क्लासिक’ कैटेगरी में भी सिर्फ क्रिकेट रिकॉर्ड नहीं चलेगा। नियम में साफ लिखा है कि खिलाड़ी के पास ‘उचित फैन बेस और कमर्शियल अपील’ होनी चाहिए। मतलब अब आपकी ऑनलाइन पॉपुलैरिटी आपकी जेब तय करेगी।

लीग खुद सोशल मीडिया पर कमजोर   

LPL के इस फैसले पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई फैंस और एक्सपर्ट्स कह रहे हैं कि लीग क्रिकेट से ज्यादा मार्केटिंग पर ध्यान दे रही है। मजेदार बात ये है कि खुद LPL के सोशल मीडिया अकाउंट 2024 के बाद से एक्टिव नहीं हैं। इंस्टाग्राम पर लीग के फॉलोअर्स भी 1 लाख से कम हैं। यानी लीग दूसरों से 2.5 लाख फॉलोअर्स मांग रही है, पर खुद का बेस कमजोर है।

सीजन 6 की नई सैलरी स्ट्रक्चर   

गौरतलब है कि LPL ने छठे सीजन के लिए नई सैलरी भी तय कर दी है। आइकॉन और स्टार खिलाड़ियों को 60,000 से 80,000 डॉलर मिलेंगे। प्लैटिनम कैटेगरी को 50 हजार डॉलर, गोल्ड को 30 हजार डॉलर और क्लासिक खिलाड़ियों को 20 हजार डॉलर मिलेंगे। अब देखना होगा कि क्या बाकी लीग भी ये ट्रेंड फॉलो करती हैं या क्रिकेट वापस सिर्फ परफॉर्मेंस का खेल रह पाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here