नई दिल्ली: यूक्रेन की राजधानी कीव में रातभर धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं। रूस ने शहर को निशाना बनाते हुए मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हुए हैं। कई इमारतों, पुलों और परिवहन से जुड़े ढांचों को नुकसान पहुंचा है। राजधानी के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। यह हमला रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की जवाबी कार्रवाई की चेतावनी के कुछ घंटे बाद हुआ।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पुतिन ने गुरुवार को चीन में कहा था कि रूस यूक्रेन के हालिया हवाई हमलों का जवाब देगा। इसी सप्ताह यूक्रेन ने क्रीमिया को रूस की मुख्य जमीन से जोड़ने वाले केर्च ब्रिज पर तीन हवाई हमले किए थे। पुतिन ने दावा किया था कि इन हमलों से पुल के सड़क वाले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने इसे दोबारा बनाने की बात भी कही थी।
राजधानी के कई इलाकों में बिजली सप्लाई ठप
हमले के बाद कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि राजधानी के चार जिलों में नुकसान हुआ है। कई गैर-रिहायशी इमारतें भी इसकी चपेट में आई हैं। बिजली कंपनी DTEK के अनुसार, पेचेर्स्की, सोलोमियांस्की, होलोसिव्स्की, निप्रोव्स्की और डार्नित्स्की जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली चली गई। इसके अलावा पोडिल्स्की और डार्नित्स्की जिलों में परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े ढांचे को नुकसान पहुंचा है। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से इन इलाकों के लोगों को परेशानी हो रही है।
तीन पुल क्षतिग्रस्त, यातायात पर पाबंदी
कीव के मेयर विताली क्लिचको ने बताया कि बैलिस्टिक मिसाइल हमले में पोडिल्स्की ब्रिज को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते नीपर नदी के दाहिने किनारे से बाएं किनारे की ओर जाने वाला ट्रैफिक रोक दिया गया है। डार्नित्स्की ब्रिज भी प्रभावित हुआ है, जबकि साउदर्न ब्रिज पर भी हमले का असर पड़ा है। यहां वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई है। अब बाएं किनारे से दाएं किनारे की तरफ केवल 10 टन तक के वाहन जा सकते हैं। वहीं, 18 टन तक की सार्वजनिक परिवहन वाली गाड़ियों को भी अनुमति दी गई है।
मेयर क्लिचको ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी काम होने पर ही निजी वाहन लेकर शहर में निकलें। उन्होंने कारोबारियों और संस्थानों से भी कहा कि जहां संभव हो, कर्मचारियों के लिए घर से काम करने की व्यवस्था करें।











