यूपी में सपा को बड़ा झटका, राकेश प्रताप सिंह समेत तीन बागी विधायक भाजपा में हुए शामिल

0
11

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा उलटफेर हो गया है। समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक बुधवार को औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गए। अब तक जो दूरी सिर्फ बयानों में दिखती थी, वह कागज पर भी दर्ज हो गई। भाजपा का दामन थामने वालों में अमेठी की गौरीगंज सीट से विधायक राकेश प्रताप सिंह, अयोध्या की गोसाईगंज सीट से अभय सिंह और जालौन की कालपी सीट से विनोद चतुर्वेदी शामिल हैं।

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य और मंत्री दारा सिंह चौहान समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम गौरीगंज में राकेश प्रताप सिंह के आवास मंगलम के सामने केसरिया रंग में सजे मैदान में हुआ। इसमें शामिल होने के लिए हजारों समर्थक पहुंचे।

राकेश प्रताप सिंह का दावा

एएनआई से बातचीत में राकेश प्रताप सिंह ने अपने क्षेत्र के लोगों का आभार जताया। उनके मुताबिक, लोगों ने ही उनसे भाजपा में जाने का अनुरोध किया था और भरोसा दिलाया था कि वे उनके साथ हैं। उन्होंने दावा किया कि जो लोग अपना बूथ जिताने या हराने की ताकत रखते हैं, उनमें से करीब 98 प्रतिशत सपा छोड़कर भाजपा से जुड़ेंगे। राकेश सिंह ने यह भी बताया कि उनके साथ विनोद चतुर्वेदी और अभय सिंह भाजपा में आ रहे हैं। उनका कहना है कि करीब 1000 जनप्रतिनिधि और पूर्व जनप्रतिनिधि भी पार्टी का हिस्सा बनेंगे, जबकि मंच पर लगभग एक दर्जन विधायक मौजूद रहेंगे।

ऐसे बढ़ती गईं सपा से दूरियां

राकेश प्रताप सिंह तीन बार सपा के टिकट पर विधायक चुने गए। लेकिन पिछले तीन साल में पार्टी से उनकी दूरी लगातार बढ़ती गई। स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरितमानस और अन्य धार्मिक विषयों पर टिप्पणियां की थीं। इनके विरोध में राकेश ने एक कथा मंच से अपनी बात रखी थी। इसके बाद से सपा नेतृत्व के साथ उनके रिश्तों में तल्खी आने लगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने गठबंधन की लाइन से हटकर भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी के पक्ष में प्रचार किया। चुनाव से पहले उनके परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी भाजपा में शामिल हो चुके थे।

राकेश प्रताप सिंह ने गौरीगंज से अयोध्या के राम मंदिर तक पदयात्रा भी निकाली थी। इन घटनाओं के बीच पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में सपा ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। अब भाजपा में आने के बाद उन्होंने कहा कि वे राष्ट्र और राम के लिए भाजपा के साथ खड़े हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here