मथुरा: भगवान श्रीकृष्ण की नगरी में आयोजित कंस वध मेले में इस बार धार्मिक आस्था के साथ-साथ एक झांकी ने सामाजिक और धार्मिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी। माथुर चतुर्वेद परिषद की ओर से तैयार की गई झांकी में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कंस के रूप में प्रदर्शित किया गया। झांकी में भगवान श्रीकृष्ण उन्हें गर्दन से पकड़कर प्रहार करते हुए नजर आए। मेले में पहुंचने वाले लोगों के बीच यह झांकी कौतूहल और चर्चा का विषय बनी रही।
टिप्पणी के विरोध में निकाली गई झांकी
झांकी के माध्यम से परिषद ने हाल ही में भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी पर अपना विरोध दर्ज कराया। दरअसल, मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की एक टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद ब्रज के संतों, धर्माचार्यों और श्रीकृष्ण भक्तों में नाराजगी देखने को मिली थी। लोगों ने इसे भगवान श्रीकृष्ण की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा से जोड़ते हुए कड़ी आपत्ति जताई थी। मामला बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी और कहा था कि उनकी बात का गलत अर्थ निकाला गया है।
श्रीकृष्ण के सम्मान से समझौता नहीं: परिषद
कंस वध मेले की झांकी को इसी विवाद के विरोध के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। माथुर चतुर्वेद परिषद के अध्यक्ष राजन पाठक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ब्रजवासियों के आराध्य हैं और उनके प्रति किसी भी तरह की अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि हमारे आराध्य के बारे में अपशब्द कहने वालों को यह नहीं समझना चाहिए कि केवल माफी मांगकर वे अपनी जिम्मेदारी से बच जाएंगे। परिषद ने झांकी के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया कि भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान और आस्था के विषय पर ब्रजवासी किसी तरह का समझौता नहीं करेंगे।
Reported By: Prem Kaushik











