मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में दर्शन करने पहुंचे देश के प्रमुख संतों और धर्माचार्यों ने एक बार फिर भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर निर्माण कराने की मांग उठाई। संतों ने विवादित ढांचे को हटाकर जन्मभूमि स्थल पर दिव्य मंदिर बनाने की पैरवी की। साथ ही न्यायालय का अंतिम निर्णय आने तक मस्जिद के गुंबद को ढकने की मांग भी की। संतों का कहना था कि जन्मभूमि के दर्शन के दौरान सामने दिखाई देने वाले मस्जिद के गुंबद से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।
संतों ने की भव्य मंदिर निर्माण की मांग
रविवार को अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास, कार्ष्णि नागेंद्र महाराज और रोहित रिछारिया महाराज सहित कई प्रमुख संत और धर्माचार्य श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। दर्शन के बाद संतों ने संयुक्त रूप से कहा कि मुगल शासक औरंगजेब द्वारा बनवाई गई मस्जिद को इस स्थान से हटाया जाना चाहिए और भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली पर भव्य एवं दिव्य मंदिर का निर्माण कराया जाना चाहिए।
अंतिम फैसले तक गुंबद ढकने की मांग
कार्ष्णि नागेंद्र महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। यहां देश-विदेश से श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने आते हैं। ऐसे में जन्मभूमि के सामने मस्जिद का गुंबद दिखाई देने से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने कहा कि जब तक इस विवाद पर न्यायालय का अंतिम निर्णय नहीं आ जाता, तब तक मस्जिद के गुंबद को ढकने की व्यवस्था की जानी चाहिए। इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं का सम्मान बना रहेगा। संतों ने कहा कि जन्मभूमि को लेकर उनकी मांग स्पष्ट है और यहां भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनना चाहिए।
Reported By: Prem Kaushik











