मथुरा में मंथन, दिल्ली में महामंथन! योगी की अमित शाह से मुलाकात ने बढ़ाई सियासी सरगर्मी

0
11

लखनऊ: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर मथुरा के परखम में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अचानक दिल्ली रवाना होने से सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई। दिल्ली पहुंचकर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। चुनावी रणनीति पर मंथन के बीच हुई इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है। हालांकि, मुलाकात के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने निकाले जाने लगे हैं।

परखम चिंतन शिविर में चुनावी तैयारियों पर चर्चा      

दरअसल, मथुरा में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने 2027 में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया। उन्होंने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और मतदाता सूची से कटे नामों को दोबारा जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।

शिविर समापन के बाद अहम मुलाकात

चिंतन शिविर के समापन के तुरंत बाद मुख्यमंत्री का दिल्ली पहुंचकर अमित शाह से मिलना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन और सरकार की तैयारियों, चुनावी रणनीति तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा की अटकलें लगाई जा रही हैं।

चुनावी रणनीति को लेकर तेज चर्चाएं

मथुरा में हुई बैठक से लेकर दिल्ली में हुई इस मुलाकात तक भाजपा के चुनावी एजेंडे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अचानक हुए इस दौरे ने राजनीतिक हलकों में नए सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दिल्ली में हुई इस मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति और भाजपा की चुनावी रणनीति को लेकर आगे क्या तस्वीर सामने आती है।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here