बांकेबिहारी मंदिर कोष में लापरवाही, 11 लाख टीडीएस नहीं भरा तो लगा 1.5 करोड़ जुर्माना

0
13

वृंदावन: ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के कोष में लगातार बढ़ोतरी का दावा किया जा रहा है, लेकिन मंदिर की आय के प्रबंधन में बरती गई लापरवाही अब कोष पर भारी पड़ रही है। मंदिर गलियारा निर्माण के लिए भवनों की खरीद और रजिस्ट्री में टीडीएस जमा नहीं करने के कारण मंदिर को डेढ़ करोड़ रुपये का जुर्माना भरना पड़ा। वहीं, बैंक में जमा सावधि राशि (एफडी) से मिलने वाले ब्याज पर समय से टैक्स का भुगतान नहीं करने के चलते करीब साढ़े चार करोड़ रुपये टैक्स के रूप में जमा करने पड़े। करोड़ों रुपये की इस वित्तीय चूक को लेकर अब मंदिर सेवायतों ने उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।

आठ भवनों की रजिस्ट्री में टीडीएस जमा नहीं हुआ

मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने गलियारा परियोजना के दायरे में आने वाले भवनों का अधिग्रहण कर उनकी रजिस्ट्री ठाकुर बांकेबिहारी जी के नाम कराने की व्यवस्था की थी। इसके लिए समिति अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने एक उपसमिति का गठन किया था। इसमें सेवानिवृत्त जिला जज मुकेश मिश्र, समिति सचिव एवं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा तथा विप्रा के प्रतिनिधि को शामिल किया गया। वित्तीय वर्ष अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच आठ भवनों की रजिस्ट्री मंदिर के नाम कराई गई। इनके लिए भवन स्वामियों को मंदिर कोष से कुल 11.98 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इनमें दो रजिस्ट्री 50 लाख रुपये से कम की थीं, इसलिए उन पर टीडीएस लागू नहीं था, जबकि शेष छह रजिस्ट्री पर एक प्रतिशत की दर से करीब 11 लाख रुपये टीडीएस काटकर जमा किया जाना था। आरोप है कि यह राशि न तो भवन स्वामियों के भुगतान से काटी गई और न ही आयकर विभाग में जमा कराई गई।

टैक्स और जुर्माने से मंदिर कोष पर पड़ा बोझ

टीडीएस जमा नहीं होने पर आयकर विभाग ने जुर्माना और ब्याज लगा दिया। इसके चलते मंदिर कोष से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि जमा करनी पड़ी। इसके अलावा मंदिर की बैंकों में जमा सावधि राशि पर प्रतिवर्ष लगभग 27 करोड़ रुपये ब्याज मिलता है। नियमानुसार इस ब्याज से मंदिर की सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर खर्च की जाने वाली करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की धनराशि पर टैक्स देय था। आरोप है कि समिति की ओर से समय से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। नतीजतन मंदिर को पिछले वर्ष करीब साढ़े चार करोड़ रुपये टैक्स जमा करना पड़ा। इस तरह वित्तीय प्रबंधन में हुई चूक का सीधा असर ठाकुरजी के कोष पर पड़ा है। सेवायत सदस्य रजत गोस्वामी का कहना है कि मंदिर के चार्टर्ड अकाउंटेंट ने कई बार समिति को पत्र लिखकर टीडीएस जमा कराने की अपील की थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। वहीं, समिति अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि गठित उपसमिति से पूरे मामले की जानकारी की जाएगी।

लापरवाही का खामियाजा मंदिर कोष ने भुगता: रजत गोस्वामी

उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के सेवायत सदस्य रजत गोस्वामी ने कहा कि गलियारा के लिए खरीदे गए भवनों की रजिस्ट्री मंदिर के नाम कराई गई थी। नियमानुसार लाभार्थियों के भुगतान से टीडीएस काटकर जमा कराया जाना चाहिए था। मंदिर के चार्टर्ड अकाउंटेंट ने कई बार पत्र लिखकर समिति को इस संबंध में अवगत कराया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसका खामियाजा मंदिर के कोष को भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि मंदिर की धनराशि ठाकुरजी की है। इसके प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here