सड़क पर मनमानी पड़ी भारी, 16,336 चालकों पर चला चालान का डंडा

0
3

गुरुग्राम: सड़क पर लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। शहर की सड़कों पर अनुशासन कायम रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक ही दिन में 16,336 वाहन चालकों के चालान काटकर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को कड़ा संदेश दिया है। इस कार्रवाई में करीब 3 करोड़ 10 लाख 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

विशेष प्रवर्तन अभियान में गलत पार्किंग करने वालों पर सबसे बड़ी कार्रवाई हुई। ऐसे 2,886 वाहन चालकों के चालान काटे गए। वहीं, रॉन्ग साइड वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले 812 चालकों को भी नहीं बख्शा गया। सड़क पर मनमाने तरीके से लेन बदलकर यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले 884 वाहन चालकों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे 136 वाहनों को जब्त कर लिया गया।

ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान केवल जुर्माना वसूलने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क हादसों पर लगाम लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बड़ी मुहिम है। गलत पार्किंग से जाम लगता है, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से आमने-सामने टक्कर का खतरा बढ़ता है और बार-बार लेन बदलने से दुर्घटनाओं की आशंका पैदा होती है।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित लेन में चलने, अनावश्यक लेन बदलने से बचने, सही स्थान पर वाहन पार्क करने और नंबर प्लेट के निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। संदेश साफ है—सड़क आपकी भी है, दूसरों की भी। नियम मानिए, सुरक्षित घर पहुंचिए।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here