ऑपरेशन मिलाप का कमाल, दो मासूमों को मिला परिवार का आंचल ,पुलिस ने चंद घंटों में बच्चे को तलाशा

0
6

नई दिल्ली: बच्चों की गुमशुदगी से परेशान दो परिवारों के लिए दिल्ली पुलिस की सक्रियता राहत लेकर आई। बाहरी उत्तर जिला पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत दो अलग-अलग मामलों में लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को सकुशल तलाशकर उनके परिजनों से मिला दिया। बरामद बच्चों में ढाई साल का बालक और 15 वर्षीय किशोरी शामिल हैं। डीसीपी शोभित डी. सक्सेना की निगरानी में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और बवाना थाना पुलिस की टीमों ने यह कार्रवाई की।

पहला मामला: 15 वर्षीय किशोरी को सकुशल तलाशा

पहले मामले में शाहबाद दौलतपुर निवासी 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने की सूचना मिली थी। इस संबंध में थाना शाहबाद डेयरी में 20 नवंबर 2026 को प्राथमिकी संख्या 756/26 दर्ज की गई थी। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत दर्ज हुआ था। किशोरी की तलाश के लिए एएचटीयू की टीम ने संभावित ठिकानों और उपलब्ध जानकारियों के आधार पर लगातार जांच की। प्रयासों के बाद किशोरी को सकुशल तलाश लिया गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

दूसरा मामला: चंद घंटों में मिला ढाई साल का मासूम

दूसरे मामले में ढाई साल के बच्चे के लापता होने की सूचना पर बवाना थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। बच्चे की कम उम्र को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए तलाश अभियान शुरू किया। संभावित स्थानों पर खोजबीन और लगातार प्रयासों के बाद कुछ ही घंटों में मासूम को सुरक्षित खोज निकाला गया। बच्चे के मिलने पर उसके माता-पिता और परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस ली।

एएचटीयू और बवाना पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

दोनों अभियानों में बाहरी उत्तर जिला एएचटीयू की टीम से हेड कांस्टेबल अमित, महिला हेड कांस्टेबल सुमन और महिला हेड कांस्टेबल सीमा शामिल रहीं। वहीं, बवाना थाना पुलिस की ओर से हेड कांस्टेबल अमित और हेड कांस्टेबल विकास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीमों के बीच बेहतर तालमेल से दोनों बच्चों की तलाश सफल रही।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चला अभियान

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-I लोकेश्वरन आर. के मार्गदर्शन और एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार की निगरानी में की गई। दोनों टीमों ने आपसी समन्वय के साथ बच्चों की तलाश की और उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया।

बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता

बाहरी उत्तर जिला के डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने ऑपरेशन मिलाप के तहत बच्चों की सुरक्षित बरामदगी को पुलिस की प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया। पुलिस के अनुसार, गुमशुदा बच्चों की तलाश में समय पर सूचना, त्वरित कार्रवाई और टीमों के बीच समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। इस कार्रवाई से दो परिवारों की चिंता दूर हुई और दोनों बच्चे फिर से अपने अपनों के बीच पहुंच गए।

 

IReported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here