उगते सूरज को अर्घ्य, छठमय हुई दिल्ली, हाथी घाट पर व्रतियों के बीच पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

0
12

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली सोमवार की सुबह छठी मैया की भक्ति, लोकगीतों की मधुर गूंज और सूर्य उपासना के अद्भुत दृश्य से सराबोर नजर आई। चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन लाखों श्रद्धालुओं ने उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारंपरिक विधान पूरा किया। यमुना के घाटों से लेकर विभिन्न छठ पूजा स्थलों तक आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरी दिल्ली पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगी दिखाई दी।

इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हाथी घाट पहुंचीं और छठ व्रती महिलाओं तथा श्रद्धालुओं के बीच शामिल होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। मुख्यमंत्री ने केवल पूजा में भागीदारी ही नहीं की, बल्कि पूर्वांचल की पारंपरिक संस्कृति और लोक आस्था को भी पूरी आत्मीयता के साथ महसूस किया।

पारंपरिक परिधान में पहुंचीं मुख्यमंत्री व्रती महिलाओं के साथ घुलती-मिलती नजर आईं। उन्होंने महिलाओं के साथ छठ के पारंपरिक गीत गाए, सिंदूर लगाने की रस्म निभाई और छठी मैया का आशीर्वाद लिया। घाट पर मौजूद व्रती महिलाओं के बीच मुख्यमंत्री का यह अंदाज खास आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने व्रती माताओं और बहनों से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया तथा छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। घाट पर भक्ति गीतों, सूर्य उपासना और श्रद्धालुओं की सामूहिक आस्था ने ऐसा वातावरण तैयार किया, जिसमें दिल्ली की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता की खूबसूरत तस्वीर दिखाई दी।

पूर्वांचल की आस्था दिल्ली की पहचान

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लाखों भाई-बहनों के लिए केवल एक त्योहार नहीं बल्कि उनकी आस्था, भावनाओं, संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। आज यमुना के घाटों पर पूरा समाज एक साथ छठी मैया की आराधना कर रहा है। यह दृश्य सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के लोगों ने अपनी मेहनत परिश्रम और योगदान से दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे दिल्ली परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उनकी संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का सम्मान करना सरकार का दायित्व है।

छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, पारिवारिक एकजुटता, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता और जीवन में सकारात्मकता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने से लेकर उदीयमान सूर्य की आराधना तक छठ का प्रत्येक विधान धैर्य, समर्पण और विश्वास का संदेश देता है। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रती जीवन में नई ऊर्जा, नई आशा और सकारात्मकता का स्वागत करते हैं।

दिल्ली के हर परिवार की खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री ने छठी मैया के चरणों में शीश नवाते हुए देश और दिल्ली के सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि छठी मैया का आशीर्वाद सभी परिवारों पर बना रहे और विकसित भारत तथा विकसित दिल्ली का संकल्प साकार हो। देश का प्रत्येक परिवार सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ आगे बढ़े।

श्रद्धालुओं के लिए तड़के से दौड़ी मेट्रो

छठ महापर्व के अंतिम दिन उषा अर्घ्य के लिए घाटों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने परिवहन व्यवस्था में विशेष इंतजाम किए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली मेट्रो रेल सेवाएं सोमवार सुबह 4:30 बजे से शुरू कर दी गईं। इसका उद्देश्य सुबह-सुबह पूजा स्थलों और घाटों तक जाने वाली व्रती महिलाओं, बुजुर्गों तथा अन्य श्रद्धालुओं को सुगम परिवहन उपलब्ध कराना था।

विशेष व्यवस्था के तहत शुरुआती समय में सभी मेट्रो मार्गों पर प्रत्येक 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें उपलब्ध कराई गईं। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत मिली। छठ के कठिन व्रत का समापन करने जा रही माताओं और बहनों को यात्रा के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए मेट्रो की समय-सारिणी में यह विशेष व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता रही कि छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। हर परिवार समय पर घाट पहुंचे और श्रद्धालु पूरी श्रद्धा एवं शांतिपूर्ण वातावरण में उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

आस्था, संस्कृति और एकता का संदेश दे गया छठ

छठ महापर्व के अंतिम दिन हाथी घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और मुख्यमंत्री की सहभागिता ने राजधानी में पूर्वांचल की सांस्कृतिक विरासत की जीवंत तस्वीर पेश की। सूर्यदेव को अर्घ्य, छठी मैया के पारंपरिक गीत, महिलाओं की सामूहिक पूजा और लोक परंपराओं के बीच संपन्न हुआ यह पर्व एक बार फिर संदेश दे गया कि दिल्ली केवल देश की राजधानी ही नहीं, बल्कि विविध संस्कृतियों, परंपराओं और आस्थाओं का साझा संगम भी है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here