नई दिल्ली: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ अमेरिका ने अब तक का सबसे बड़ा और सख्त कदम उठाया है। FBI ने गैंग के कथित उत्तर अमेरिकी सरगना सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल कर लिया है। एजेंसी का आरोप है कि गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध गिरोह की गतिविधियों को संचालित करता है, जो अमेरिका और कनाडा में हत्या, जबरन वसूली, अपहरण और हथियार-नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल बताया जाता है।
अमेरिकी फेडरल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने आधिकारिक ऐलान करते हुए बताया कि गोल्डी बराड़ को उसकी ‘टेन मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स’ सूची में जगह दी गई है। एजेंसी के मुताबिक, गोल्डी बराड़ दक्षिणी कैलिफोर्निया समेत अमेरिका और कनाडा के कई हिस्सों में हिंसक गतिविधियों में शामिल गिरोह से जुड़ा है। सबसे अहम बात यह है कि FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी के लिए इनाम की राशि को 50 हजार डॉलर से बढ़ाकर सीधे 10 लाख डॉलर कर दिया है। FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का कथित उत्तर अमेरिकी सरगना है।
हत्या से लेकर ड्रग तस्करी तक के गंभीर आरोप
FBI के अनुसार, गोल्डी बराड़ पर कई गंभीर अपराधों में वांटेड होने का आरोप है, जिनमें हत्या, उगाही, नशीले पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े अन्य मामले शामिल हैं। एजेंसी का दावा है कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह टारगेट किलिंग, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली, RICO साजिश, हमलों और हथियार-नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी गतिविधियों में कथित रूप से लिप्त रहा है। FBI के मुताबिक, इन गतिविधियों में एक प्रमुख राजनीतिक और धार्मिक हस्ती की टारगेटेड हत्या भी शामिल है।
अमेरिका में सक्रिय है गिरोह का कथित सरगना
जांच एजेंसी का कहना है कि गोल्डी बराड़ फिलहाल अमेरिका में ही सक्रिय है और उत्तर अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कथित मुखिया है। उसके खिलाफ लॉस एंजिलिस की फेडरल अदालत में कई गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं, जिनमें संगठित अपराध की साजिश, उगाही के जरिए व्यापार में हस्तक्षेप की साजिश और नियंत्रित पदार्थों के वितरण-कब्जे की साजिश जैसे मामले शामिल हैं। 1 जुलाई 2026 को उसके खिलाफ फेडरल अरेस्ट वारंट भी जारी किया गया था। FBI के मुताबिक, जुलाई 2026 में ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के तहत भारत स्थित तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोहों से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ दाखिल अभियोग सार्वजनिक किए गए थे।
FBI के सहायक निदेशक प्रभारी पैट्रिक ग्रैंडी ने कहा कि गोल्डी बराड़ एक बेहद खतरनाक व्यक्ति है, और उसकी गिरफ्तारी एजेंसी की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शुमार है। एजेंसी का कहना है कि उसे अत्यंत हिंसक, हथियारबंद और खतरनाक माना जाता है। FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ कैलिफोर्निया और कनाडा के अलग-अलग हिस्सों में रह चुका है, जिससे उसकी लोकेशन को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पूरी दुनिया में फैलाई जाएगी जानकारी
FBI ने बताया कि मोस्ट वांटेड सूची में शामिल होने के बाद गोल्डी बराड़ की तस्वीर और उससे जुड़ी पूरी जानकारी एजेंसी की वेबसाइटों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य सार्वजनिक माध्यमों पर व्यापक स्तर पर प्रसारित की जाएगी। एजेंसी का मानना है कि इससे उसकी तलाश और गिरफ्तारी की मुहिम को और ज्यादा रफ्तार मिलेगी। गोल्डी बराड़ FBI की ‘टेन मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स’ सूची में शामिल होने वाला 543वां व्यक्ति बन गया है। FBI के मुताबिक, साल 1950 में इस सूची की शुरुआत होने के बाद से यह अमेरिका के सबसे वांछित अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए चलाए जाने वाले सबसे महत्वपूर्ण अभियानों में से एक रही है।
FBI ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी के पास गोल्डी बराड़ से जुड़ी कोई भी जानकारी है, तो वह एजेंसी की टोल-फ्री हेल्पलाइन या नजदीकी FBI कार्यालय से तुरंत संपर्क करे। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली किसी भी विश्वसनीय सूचना पर 10 लाख डॉलर तक की इनामी राशि दी जाएगी।












