महाराष्ट्र के नासिक में कांपी धरती, 4.3 तीव्रता के भूकंप से मचा हड़कंप

0
6
Earthquake Temor
Earthquake Temor

नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में लगातार भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत का माहौल है. शनिवार रात आए 4.3 तीव्रता के भूकंप के बाद रविवार सुबह फिर कंपन महसूस हुआ. कुछ इलाकों में झटकों का असर घरों की दीवारों पर भी दिखाई दिया और दरारें आने की सूचना मिली है. हालांकि, अभी तक किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है. 

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. इसके बाद रविवार सुबह 5 बजकर 33 मिनट पर 3.3 तीव्रता का एक और झटका आया. अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हटगढ़ पर्वत श्रृंखला के नजदीक भानवाड़ क्षेत्र में था. भूकंपीय गतिविधि जमीन से करीब 5 किलोमीटर की गहराई में दर्ज की गई.

भूकंप के झटके नासिक शहर के अलावा सुरगाना, कलवान, देवला, चांदवड, पेठ, दिंडोरी और निफाड तालुका में भी महसूस किए गए. अचानक धरती हिलने से कई इलाकों में लोग घबरा गए और सुरक्षा के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए.

कई गांवों में घरों में आई दरारें

जिला प्रशासन के अनुसार, सुरगाना तालुका के भादर गांव और दिंडोरी तालुका के नानाशी गांव में कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी मिली है. प्रशासन की टीमें स्थिति का जायजा ले रही हैं. अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में बांधों का भी निरीक्षण किया. जांच के दौरान किसी भी बांध को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने नहीं आई है.

कलेक्टर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

नासिक के जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने लोगों से घबराने से बचने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि लोगों को सतर्क रहना चाहिए और सुरक्षा से जुड़ी जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए. गौरतलब है कि नासिक जिले में इससे पहले भी भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं. अधिकारियों के मुताबिक, 25 से 28 जुलाई के बीच और फिर 6 अगस्त को भी जिले में भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गई थीं. लगातार हो रही हलचल के कारण स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here