नोएडा में खूनी विवाद के आरोपी का पुलिस से आमना-सामना, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

0
5

नोएडा: स्कूटी की मामूली टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना खूनी हो गया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। हत्या के इसी मामले में फरार चल रहे आरोपी का बुधवार को नोएडा पुलिस से आमना-सामना हो गया। सेक्टर-3 स्थित पार्क में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की। खुद को चारों तरफ से घिरा देखकर उसने पुलिसकर्मियों पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

पार्क में छिपा था हत्यारोपी, पुलिस को देखते ही चला दी गोली

पुलिस के मुताबिक 11 नवंबर को थाना फेस-1 पुलिस टीम को स्थानीय सूचना तंत्र से जानकारी मिली कि हत्या के मामले में वांछित आफताब उर्फ तुस्सी पुत्र रियाजुद्दीन निवासी नया बांस सेक्टर-15, नोएडा सेक्टर-3 के एक पार्क में मौजूद है और वहां से फरार होने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना फेस-1 पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी।

पार्क के बाहर आरोपी की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पुलिस टीम ने पार्क के भीतर तलाशी अभियान चलाया तो आरोपी अपने साथी के साथ पुलिसकर्मियों को सामने से आता देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेरकर पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने खुद को फंसा देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया, जबकि उसके साथी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

स्कूटी की टक्कर से शुरू हुआ विवाद, एक की मौत और दूसरा अस्पताल में

दरअसल 8 और 9 नवंबर की मध्यरात्रि स्कूटी की टक्कर को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान अमित के सिर में गंभीर चोट आई जबकि शिवम भी सिर में चोट लगने से घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। शिवम का उपचार जारी है। इस मामले में थाना फेस-1 में मुकदमा संख्या 579/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 109 में मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से आफताब उर्फ तुस्सी पुलिस के लिए वांछित चल रहा था।

तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है, जिसका पंजीकरण नंबर यूपी-16-ईएल-2923 है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से तीन अन्य मुकदमे दर्ज हैं।

एडिशनल डीसीपी ने दी मुठभेड़ की जानकारी

एडिशनल डीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि स्थानीय सूचना के आधार पर थाना फेस-1 पुलिस टीम ने हत्या के मामले में वांछित आरोपी को सेक्टर-3 स्थित पार्क से पकड़ने का प्रयास किया था। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। उसके खिलाफ पूर्व में भी तीन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। टीम की मुस्तैदी से हत्या का वांछित आरोपी गिरफ्त में अब पुलिस आगे की कड़ियां खंगालने में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here