नई दिल्ली: बांग्लादेश की अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत से स्वदेश लौटने की खबरों पर अंतरिम सरकार ने सोमवार को तीखी प्रतिक्रिया दी है। सरकार के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने साफ कहा कि हसीना का बांग्लादेश वापस आने का कोई वास्तविक इरादा नहीं है। उनकी हालिया गतिविधियां सिर्फ राजनीतिक पैंतरेबाजी हैं।
पासपोर्ट और NID के आवेदन की खबर
यह बयान उन खबरों के बाद आया है, जिनमें दावा किया गया था कि अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद भारत में शरण लेने वाली हसीना ने बांग्लादेश लौटने की कानूनी प्रक्रिया के लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने का आवेदन किया है। इन खबरों से ढाका में सियासी हलचल तेज हो गई थी।
मुख्य अभियोजक ने बताया राजनीतिक स्टंट
द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण के मुख्य अभियोजक अमीनुल इस्लाम ने ढाका में पत्रकारों से कहा कि मीडिया में हसीना की जिन गतिविधियों की रिपोर्ट आ रही है, वे महज राजनीतिक स्टंट हैं। बांग्लादेश वापस आने के लिए उन्हें जो कानूनी कदम उठाने चाहिए, वे वैसा कुछ नहीं कर रही हैं। सरकार का आधिकारिक रुख यही है कि वे वापस नहीं आएंगी।
हाल ही में हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की मंशा जताई थी। वहीं, विशेष न्यायाधिकरण ने 2024 के हिंसक प्रदर्शनों के दौरान मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए उन्हें अनुपस्थिति में मृत्युदंड की सजा सुनाई है। हसीना ने इन आरोपों और मुकदमों की निष्पक्षता को खारिज किया है।
पासपोर्ट देने से किया साफ इनकार
इससे पहले बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने हसीना को नया पासपोर्ट या कोई भी ट्रैवल डॉक्यूमेंट जारी करने की संभावना को पूरी तरह खारिज कर दिया था। उन्होंने हसीना को भगोड़ी आतंकवादी और तानाशाह करार देते हुए कहा कि कोई भी सरकारी संस्था उन्हें बांग्लादेशी नागरिकता या यात्रा दस्तावेज नहीं देगी।
बांग्लादेश सरकार ने भारत से शेख हसीना को सौंपने की औपचारिक मांग की है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने स्वीकार किया है कि उसे बांग्लादेश की ओर से प्रत्यर्पण के अनुरोध मिले हैं। भारत स्थापित कानूनी और राजनयिक प्रक्रियाओं के तहत इस मामले का निष्पक्ष अध्ययन कर रहा है।
ढाका-दिल्ली के रिश्तों में तनाव
अगस्त 2024 में आवामी लीग सरकार के पतन के बाद से ढाका और नई दिल्ली के बीच राजनयिक संबंधों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। अंतरिम सरकार और अभियोजकों के ताजा बयान से साफ है कि हसीना की वापसी और प्रत्यर्पण का मुद्दा आने वाले दिनों में और गरमाने वाला है।












