रोहिणी में 60 वर्षीय राकेश खन्ना की घर में हुई हत्या, पुलिस ने किया तीन आरोपियों को गिरफ्तार

0
8
Rohini murder, Delhi crime, Rakesh Khanna murder
X/ @ANI

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-3 में मंगलवार रात 60 वर्षीय राकेश खन्ना की हत्या से सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, वारदात के वक्त राकेश घर में अकेले थे। खबर है कि पुलिस ने मामले की जांच के बाद उनकी साली की बेटी सिमरन, पारस और चिराग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे लूट की साजिश थी। इसके अलावा इस मामले में सिमरन के प्रेमी हिमांशु का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश अभी भी जारी है। 

घर में घुसकर की गई हत्या

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय राकेश की पत्नी किसी काम से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी घर में पहुंचे और बुजुर्ग पर हमला कर दिया। बाद में राकेश घर में गंभीर हालत में मिले और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं घर से नकदी और कुछ सामान गायब मिलने के बाद पुलिस ने लूट और हत्या दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाले लोग परिवार के परिचित थे।

फ्लैट बेचने की रकम पर थी नजर

पुलिस जांच में पता चला कि राकेश ने हाल ही में अपना एक फ्लैट करीब 80 लाख रुपये में बेचा था। बताया जा रहा है कि आरोपियों को इस रकम की जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, इस पैसे से राकेश ने सोना खरीदा था और आरोपियों की नजर इसी पर थी। जांच में यह भी सामने आया है कि सिमरन ने कथित तौर पर अपने प्रेमी हिमांशु के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि सिमरन ने अपनी मौसी को रिश्तेदारों के साथ बाहर भेज दिया, ताकि घर खाली रहे। इसके बाद दोनों डुप्लीकेट चाबी के जरिए पारस और चिराग घर में दाखिल हुए।

नकदी-जेवर लेकर भागे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी जिस सोने की तलाश में आए थे, वह उन्हें नहीं मिला, जिसके बाद वह से घर से कुछ नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कुछ सामान बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सिमरन निजी स्कूल में शिक्षिका है, चिराग जिम ट्रेनर है, जबकि पारस 12वीं कक्षा का छात्र है। वहीं हिमांशु फिलहाल फरार है। घटना के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस पूछताछ के जरिए हत्या के तरीके, लूटे गए सामान और पूरी साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here