नई दिल्ली: सोशल मीडिया के दौर में विदेशी पर्यटकों के भारत भ्रमण के अनुभव अक्सर चर्चा का केंद्र बन जाते हैं। इन दिनों एक डच-मोल्डोवन ट्रैवल कपल का वीडियो इंटरनेट पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है। निको और उनके पार्टनर वेस नामक इस विदेशी जोड़े ने महज 6 यूरो यानी लगभग 660 रुपये में दिल्ली से आगरा तक की यात्रा भारतीय रेल के 2AC कोच में की। जहां कम बजट में मिले आरामदायक सफर ने उन्हें हैरान किया, वहीं भारतीय ट्रेनों की कुछ पुरानी समस्याओं ने उनके होश भी उड़ा दिए।
स्टेशन की भीड़ से सहमा कपल
सफर की सुखद शुरुआत के बाद इस ट्रैवल कपल को कुछ कड़वे अनुभवों का भी सामना करना पड़ा। निको के अनुसार, ट्रेन का शौचालय बेहद गंदा था, जिसने उनके अनुभव को खराब किया।
उन्होंने राहत की सांस लेते हुए कहा कि गनीमत यह थी कि सफर सिर्फ दो घंटे का था, वरना इतने गंदे टॉयलेट के साथ लंबा सफर तय करना उनके लिए बेहद मुश्किल हो जाता।
शानदार AC केबिन ने जीता दिल
विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार करने निकले इस जोड़े ने अपनी दो घंटे की यात्रा के लिए भारतीय रेलवे के सेकेंड एसी (2AC) बोगी का विकल्प चुना था। निको ने अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि शुरुआत में सही बोगी और अपनी सीट ढूंढने में उन्हें थोड़ी परेशानी जरूर हुई, लेकिन अंदर पहुंचते ही उनकी सारी चिंताएं खत्म हो गईं। बोगी के भीतर की एयर कंडीशनिंग, प्राइवेसी के लिए लगे पर्दे, साफ-सुथरी सीटें और बड़ा शीशा देखकर वे काफी प्रभावित हुए। कपल ने स्वीकार किया कि इतने कम बजट में इतने आरामदायक सफर की उन्हें बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी, जिसे देखकर उन्होंने इस डील को बेहद किफायती और बेहतरीन करार दिया।
आगरा स्टेशन की अफरा-तफरी और वीडियो की धूम
असली चुनौती तब सामने आई जब ट्रेन आगरा स्टेशन पर रुकी। स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़, शोर-शराबे और अफरा-तफरी का माहौल देखकर निको इतनी घबरा गईं कि उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि ऐसा लग रहा है मानो लोग उन्हें शहर से बाहर निकाल देंगे। इंस्टाग्राम पर ‘@boutique.diaries’ अकाउंट से पोस्ट किया गया यह 43 सेकंड का वीडियो देखते ही देखते वायरल हो चुका है, जिस पर लोग लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।











