राम मंदिर ट्रस्ट को आज मिलेगा पहला CEO! 3 नामों में से किस पर लगेगी मुहर?

0
8
Ayodhya Ram Mandir
printerest

नई दिल्ली: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रबंधन से जुड़ी बड़ी नियुक्ति पर आज फैसला हो सकता है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है. सर्च कमेटी ने तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंप दिया है. अब ट्रस्ट की बैठक में इन नामों पर चर्चा के बाmद अंतिम निर्णय लिया जाएगा.

इन तीन नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा

CEO पद के लिए जिन तीन नामों को अंतिम पैनल में शामिल किया गया है, उनमें पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडेय, बिहार के पूर्व DGP डॉ. परेश सक्सेना और IAS दिनेश चंद्र का नाम बताया जा रहा है. इनमें राजेश पांडेय का नाम सबसे आगे होने की चर्चा है. हालांकि अंतिम फैसला ट्रस्ट ही करेगा.

सर्च कमेटी ने मंगलवार को राम मंदिर परिसर में हुई बैठक के बाद अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी महाराज को सौंप दी. कमेटी की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली ने की. इसमें रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हावड़े भी शामिल रहे.

5 हजार से ज्यादा आवेदन आए

CEO पद के लिए चयन प्रक्रिया में कुल 5,585 आवेदन मिले थे. उम्मीदवारों की योग्यता, अनुभव और अन्य मानकों को परखने के लिए 600 अंकों का मूल्यांकन फॉर्म तैयार किया गया. इसमें 3,577 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया.

स्क्रीनिंग के बाद 470 या उससे ज्यादा अंक पाने वाले 108 उम्मीदवारों को अगले चरण में जगह मिली. इसके बाद ऑनलाइन बातचीत और आगे की प्रक्रिया के जरिए उम्मीदवारों की संख्या घटाकर 17 की गई. अंतिम चरण के लिए 16 उम्मीदवार अयोध्या पहुंचे और उनके अनुभव, काम करने की क्षमता तथा मंदिर के भविष्य को लेकर विजन का आकलन किया गया.

ट्रस्ट की बैठक में होगा अंतिम फैसला

आज होने वाली अहम बैठक में ट्रस्ट के कई सदस्य अयोध्या पहुंच चुके हैं. कुछ सदस्य ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल होंगे. ट्रस्ट के पदाधिकारियों का कहना है कि राम मंदिर के बढ़ते विस्तार और बेहतर प्रशासन के लिए सक्षम CEO की जरूरत महसूस की गई थी.

पूर्व IAS योगेश्वर राम मिश्र का नाम भी पहले चर्चा में आया था, लेकिन उन्होंने CEO पद के लिए अपना नाम होने की खबरों से इनकार किया था. अब तीन नामों के पैनल में से किसे मंदिर ट्रस्ट का पहला पूर्णकालिक CEO बनाया जाता है, इस पर आज तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here