नई दिल्ली: यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के इलाकों में रूस के भीषण हवाई हमलों ने एक बार फिर भयानक तबाही मचाई है। कीव क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर त्काचेंको ने टेलीग्राम पर जानकारी देते हुए बताया कि रातभर हुए इस हमले में कम से कम 27 लोगों की मौत हो चुकी है और 42 अन्य बुरी तरह घायल हुए हैं। बुचा जिले में हालात इतने बिगड़ गए कि प्रभावित क्षेत्र से 380 से अधिक निवासियों को आनन-फानन में सुरक्षित स्थानों पर भेजना पड़ा।
27 लोगों की मौत
रातभर हुए इस हमले में कम से कम 27 लोगों की मौत हो चुकी है और 42 अन्य बुरी तरह घायल हुए हैं। हमले का सबसे ज्यादा असर मिला (Myla) गांव में देखा गया, जहां एक गोदाम पर सीधा हमला हुआ।
राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने आधिकारिक बयान में पुष्टि की कि गोदाम पर हमला होने के बाद वहां लगातार जोरदार धमाके होते रहे।
सरकारी लापरवाही पर उठे सवाल
विस्फोट इतने प्रचंड थे कि इलाके के 50 से अधिक आवासीय मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हमले के तुरंत बाद रिहायशी मकानों और एक स्थानीय रेस्तरां में भीषण आग लग गई। जेलेंस्की ने उस स्थल की पूरी जानकारी साझा नहीं की।
उन्होंने साफ किया कि आवासीय क्षेत्रों के पास बारूद और हथियार रखे जाने की वजह से आधिकारिक लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जेलेंस्की का कहना था कि कड़े नियमों के मुताबिक गोला-बारूद को इंसानी बस्तियों या घरों के करीब रखना सख्त मना है।
नौ शहरों में रूसी हमला
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उनकी सेना ने यूक्रेन के नौ प्रमुख शहरों पर बड़ा सैन्य अभियान चलाया। इस दौरान सैन्य ठिकानों के अलावा औद्योगिक इकाइयों, तेल रिफाइनरियों, रसद केंद्रों (लॉजिस्टिक्स) और बंदरगाहों के बुनियादी ढांचे को सीधे निशाना बनाया गया। यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली इस समय गंभीर संकट का सामना कर रही है। देश के पास रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए जरूरी अमेरिकी ‘पैट्रियट’ एयर डिफेंस सिस्टम की भारी किल्लत हो गई है। इसके साथ ही रूस द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे तेज रफ्तार जेट इंजन वाले ड्रोन यूक्रेनी सुरक्षा बलों के लिए नई और कठिन चुनौती पेश कर रहे हैं।
यूरोपीय देशों से नए रक्षा पैकेज की मांग
लगातार तीसरे दिन कीव पर हुए भीषण हवाई हमलों ने पूरे शहर के आर्थिक चक्र और आम जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। पूर्णकालिक आक्रमण के साढ़े चार साल बाद भी स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। बिगड़ते हालात पर राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस मिसाइल हमलों और युद्ध को लगातार बढ़ाने में जुटा है, इसलिए यूक्रेन को भी अतिरिक्त और कड़े जवाबी कदम उठाने होंगे। उन्होंने यूरोपीय सहयोगियों से तुरंत अतिरिक्त वायु रक्षा सहायता और बैलिस्टिक मिसाइल रोधी प्रणाली के नए पैकेज देने की मांग उठाई है, जिसके लिए यूरोपीय देश अमेरिका से सीधे हथियार खरीदकर यूक्रेन की मदद कर सकते हैं।











