Ather Konark: मेटल बॉडी के साथ आएगा नया इलेक्ट्रिक स्कूटर, 29 अगस्त को होगा लॉन्च

0
15
Ather Energy
Ather Energy

नई दिल्ली: एथर एनर्जी ने 29 अगस्त को अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर Konarc की लॉन्चिंग से पहले इसकी पहली झलक दिखाई है. यह स्कूटर कंपनी के नए EL प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. इसकी सबसे खास बात इसकी मेटल बॉडी है. एथर के CEO और को-फाउंडर तरुण मेहता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसका एक टीजर वीडियो शेयर किया है. वीडियो में स्कूटर की मेटल बॉडी को करीब से दिखाया गया है. टीजर का कैप्शन “Knock knock, Kon?” है. इसमें मेटल बॉडी को हाईलाइट करने के लिए दरवाजा खटखटाने जैसी आवाज का इस्तेमाल किया गया है.

एथर के पोर्टफोलियो में जुड़ेगा नया मॉडल

Konarc एथर के नए EL प्लेटफॉर्म पर तैयार होने वाला पहला प्रोडक्शन स्कूटर होगा. कंपनी ने इस प्लेटफॉर्म को Ather Community Day 2025 में पेश किया था. इसे खास तौर पर आने वाले समय में कई नए स्कूटरों को तैयार करने के लिए विकसित किया गया है. इस नए प्लेटफॉर्म की मदद से एथर इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार के ज्यादा बड़े और किफायती सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है. Konarc के लॉन्च के साथ कंपनी अपनी मौजूदा 450 और Rizta सीरीज से आगे बढ़ेगी. यह एथर के नए प्रोडक्ट डेवलपमेंट फेज का हिस्सा है. कंपनी का फोकस अपने डिजाइन, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और सॉफ्टवेयर को ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने के साथ स्कूटर को रोजाना इस्तेमाल के लिए आसान बनाना है.

टेस्टिंग के दौरान दिखा डिजाइन

टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों से नए एथर ई-स्कूटर के डिजाइन की जानकारी मिली है. इसका डिजाइन फैमिली स्कूटर जैसा रखा गया है, जो पहले दिखाए गए EL01 कॉन्सेप्ट से मिलता-जुलता है. टेस्टिंग मॉडल को पूरी तरह कवर किया गया था, लेकिन इसमें हैंडलबार पर लगी हेडलाइट, सामने चौड़ी LED DRL, मजबूत फ्रंट डिजाइन और पारंपरिक फ्रंट फेंडर नजर आया.

फ्लैट फ्लोरबोर्ड और लंबी सीट

स्कूटर में फ्लैट फ्लोरबोर्ड दिया गया है, जिससे रोजमर्रा के इस्तेमाल में ज्यादा सुविधा मिलने की उम्मीद है. इसमें लंबी सिंगल-पीस सीट भी दी गई है, ताकि राइडर और पीछे बैठने वाले दोनों को आराम मिल सके. इसका रियर डिजाइन सिंपल रखा गया है, जिससे साफ है कि कंपनी ने स्पोर्टी लुक के बजाय इसे रोजाना इस्तेमाल के लिए ज्यादा प्रैक्टिकल बनाने पर ध्यान दिया है.

रिज्टा से नीचे होगी पोजिशनिंग

EL प्लेटफॉर्म पर आने वाले इस नए स्कूटर को एथर की मौजूदा Rizta से नीचे रखा जा सकता है. इसका मुख्य लक्ष्य आम ग्राहकों को ध्यान में रखकर ज्यादा किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश करना है. जहां 450 सीरीज परफॉर्मेंस पसंद करने वालों के लिए है, वहीं Rizta को फैमिली जरूरतों के हिसाब से बनाया गया है. ऐसे में नया स्कूटर एथर के पोर्टफोलियो में एक अफॉर्डेबल ऑप्शन के तौर पर जगह बना सकता है.

अफॉर्डेबल मॉडल के लिए तैयार किया गया EL प्लेटफॉर्म

एथर का EL प्लेटफॉर्म खास तौर पर मॉड्यूलर और कम लागत वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर तैयार करने के लिए बनाया गया है. इस एक प्लेटफॉर्म की मदद से कंपनी अलग-अलग बैटरी क्षमता, फीचर्स और कीमत वाले कई मॉडल तैयार कर सकती है. अभी कंपनी ने इसके फीचर्स की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है. हालांकि, पहले सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए स्कूटर में 2 kWh से 5 kWh तक की बैटरी के विकल्प मिल सकते हैं। इन बैटरी पैक के साथ करीब 100 से 150 किलोमीटर तक की रेंज मिलने की उम्मीद है. लागत को कम रखने और स्कूटर को मजबूत बनाने के लिए एथर इसमें LFP बैटरी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर सकती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here