ग्वालियर में ट्रक से टकराई मजदूरों से भरी लोडिंग गाड़ी, 8 लोगों की मौत और 25 मजदूर घायल

0
10
Madhya pradesh
Madhya pradesh

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. राष्ट्रीय राजमार्ग-79 पर मजदूरों से भरा एक लोडिंग वाहन सामने से आ रहे ट्रक से टकराकर पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 मजदूर घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए ग्वालियर के जय आरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 12 बजे चिन्का के पास हुआ. लोडिंग वाहन में सवार मजदूर उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वे डबरा क्षेत्र के चनोर इलाके में धान की रोपाई का काम करने के लिए आए थे. काम पूरा होने के बाद सभी मजदूर वाहन से अपने घर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक ने लोडिंग वाहन को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि मजदूरों से भरा वाहन सड़क पर पलट गया. अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी फैल गई.

राहगीरों ने घायलों को बाहर निकाला

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. राहगीरों और दूसरे वाहन चालकों ने भी बचाव कार्य में मदद की. दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया. जय आरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में कई घायल स्ट्रेचर पर लाए गए. कुछ के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं. डॉक्टरों की टीम सभी घायलों का इलाज कर रही है. पुलिस के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत गंभीर है, जबकि कई की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है.

कई मृतकों की पहचान अभी बाकी

पुलिस अधिकारी राम महेश यादव ने बताया कि हादसे में कई लोगों की मौत हुई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पांच लोगों की मौत गोहद अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई थी. इसके बाद ग्वालियर लाए गए घायलों में भी करीब तीन लोगों की मौत की सूचना मिली. हालांकि, मृतकों की संख्या की अंतिम पुष्टि की जा रही थी. अधिकारी ने बताया कि हादसे में घायल करीब 25 से 26 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. कुछ लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है और उनके परिवार से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस की टीम मृतकों और घायलों की पहचान जुटाने में लगी है.

ट्रक चालक की भी तलाश और जांच

पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है. ट्रक चालक के घायल होने की भी आशंका जताई गई है और इसकी जांच की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों वाहनों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई. फिलहाल राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है. पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की कोशिश जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here